18HREG72 सड़क दुर्घटनाओं का कारण लापरवाही और गति : परिवहन मंत्री
देहरादून 18 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के समाज कल्याण और परिवहन मंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। समाज कल्याण और परिवहन मंत्री ने ने सभी राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों के परिवहन मंत्रियों और परिवहन सचिवों की बैठक में उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
बैठक में मुख्यत: मोटर वाहनों की गति सीमा की समीक्षा के लिए गठित समिति की सिफारिशों, वाहन फिटनेस परीक्षण अवसंरचना , इलेक्ट्रिक वाहनों के वित्तपोषण और लर्निंग लाइसेंस के स्वचालन आदि बिन्दुओं पर गहन चर्चा की गयी।
मंगलवार को जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री के प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री चन्दन राम दास ने बैठक में अवगत कराया कि पिछली दुर्घटनाओं के परीक्षण पर चालकों की लापरवाही, अनियंत्रित गति सीमा ही मुख्यत: सड़क दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उत्तराखंड में वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी कर दिये गये हैं। वाहनों की गति सीमा नियंत्रण के लिए स्पीड गवर्नर अनिवार्य कर दिये गये हैं।
अभी तक लगभग 1,10,592 वाहनों में स्पीड गवर्नर लगा दिये गये हैं। उसके अलावा रियल टाइम मॉनिटरिंग को राज्य में 42993 सार्वजनिक सेवा वाले एटीएस 140 मानक यन्त्र स्थापित कर दिये गये हैं। अतिसंवेदनशील 10 स्थानों पर एएनपीआर कैमरे भी स्थापित कर दिये गये हैं। मंत्री ने यह आश्वासन दिया गया कि राज्य सरकार दुर्घटनाओं की रोक के लिए केन्द्र सरकार के जारी दिशा-निर्देशों और मानकों के क्रियान्वयन को दृढ़ संकल्पित है।
बैठक में सभी राज्यों के परिवहन मंत्री और सचिव ने प्रतिभाग किया।