18HREG92 वन मंत्री सुबोध ने जी-20 सम्मेलन के कामों की समीक्षा की
-वन मंत्री ने जी-20 के कामों में गुणवत्ता पर फोकस करने के निर्देश दिए
नई टिहरी, 18 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के वन और तकनीकी शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में तहसील सभागार नरेंद्र नगर में जी-20 सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई। इसमें कैबिनेट मंत्री ने क्रमवार संबंधित विभागों के किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जी-20 सम्मेलन के अंतर्गत लंबे समय तक चलने वाले कार्य करें और कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जनपद में होने वाली जी-20 की बैठकों के जरिए हम प्रदेश ही नहीं देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसलिए सभी तैयारियाें को सुनियोजित तरीके से पूर्ण कर लें, ताकि देश दुनिया में एक अच्छा संदेश जाए।
बैठक में डीएम डा. सौरभ गहरवार ने बताया कि जी-20 सम्मेलन के अंतर्गत अधिकतर कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, शेष कार्य भी जल्द ही पूर्ण कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी विभागों के कार्यों को पूर्ण करने के लिए समय सीमा निर्धारित कर स्टेप बाई स्टेप कार्य किए जा रहे हैं। सभी कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
सीडीओ मनीष कुमार ने जी-20 बैठकों के तहत होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने बताया कि जी-20 के तहत चिन्हित सड़कों का अंधे मोड़ पर कटिंग का कार्य किया गया है। भूस्खलन क्षेत्र में प्रॉपर ट्रीटमेंट का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही मुनि की रेती में जानकी सेतु पार्किंग में कार्य किए जा रहे हैं। सभी कार्यों को 15 मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
सिंचाई विभाग के बताया कि घाट पर 40 प्रतिशत काम पूर्ण हो चुका है। मई के प्रथम सप्ताह तक कार्य पूरे कर लिए जायेंगे। पीडब्ल्यूडी तिराहे, जानकी सेतु व वसुंधरा पर ड्रेनेज का कार्य किया जा रहा है। ओणीं गांव में विद्युत लाइन का कार्य किया जा रहा है, 32 विद्युत पोल लग चुके हैं, दो ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं। रोड साइड के छोटे विद्युत पोलों को हटाकर बड़े पोल लगाए जा रहे हैं, ताकि विद्युत लाइनें ऊपर की जा सकें। इसके साथ ही 33 केवी विद्युत लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। मधुबन मंदिर से जानकी सेतु पार्किंग तक भारत आर्ट्स, भद्रकाली से खारास्रोत तक हॉट पेंटिंग और खारास्रोत से मधुबन तक पुताई का कार्य किया जा रहा है।
जी-20 की तैयारियों के तहत ओणीं गांव में पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मरम्मत कार्य एवं सौन्दर्यीकरण के अलावा स्कूल में कंप्यूटर लैब, ई-लाइब्रेरी, आंतरिक रास्तों का सौंदर्यीकरण, पूरे गांव में पेंटिंग कार्य, सार्वजनिक शौचालय, सीसी मार्ग, रेलिंग, मिल्क कलेक्शन सेंटर, कन्वर्जन में बायोगैस, मुर्गी बाड़ा, पशु बाड़ा, सिंचाई टैंक, सेल्फी प्वाइंट, मंदिर सौंदर्यीकरण आदि कार्य किए जा रहे हैं। इनमें 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवान, विधायक प्रतापनगर विक्रम सिंह नेगी, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र नगर राजेंद्र बिक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र नगर राजेंद्र सिंह भंडारी, टिहरी विधायक प्रतिनिधि विनोद रतूड़ी, एसडीएम नरेन्द्र नगर देवेन्द्र सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।