18HREG138 बीडी सिंह बने मुख्यमंत्री के सलाहकार, मीडिया के निशाने पर
देहरादून, 18 अप्रैल (हि.स.)। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पूर्व सीईओ बीडी सिंह को सरकार ने चारधाम यात्रा और मंदिर समिति में मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया है। शासन से सचिव संस्कृति एवं धर्मस्व हरिचंद सेमवाल की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।
बीती 20 मार्च 2023 को जारी आदेश में बताया गया कि मंदिर समिति में उनके पूर्व अनुभवों के देखते हुए उन्हें चारधाम यात्रा एवं बीकेटीसी में सीएम का सलाहकार के रूप में को-टर्मिनस के आधार पर नियुक्त किया गया है। इस पद के लिए उन्हें कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा। बल्कि सिर्फ कार्यालय कक्ष एवं वाहन की सुविधा उपलब्ध होगी। आदेश को राज्यपाल से स्वीकृति मिल चुकी है।
भारतीय वन सेवा विभाग से बीकेटीसी में मुख्य कार्याधिकारी के पद पर प्रतिनियुक्त बीडी सिंह करीब 12 साल कार्यरत रहे। बीते वर्ष उन्हें वापस वन विभाग में स्थानांतरित किया गया, जिसके बाद बीडी सिंह ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। अब सरकार ने उन्हें मंदिर समिति में सीएम पुष्कर सिंह धामी का सलाहकार नियुक्त किया है।
केदारनाथ आपदा के वक्त बीडी सिंह मंदिर समिति के सीईओ रहते हुए एक सामान्य श्रमिक की तरह है राहत पुनर्वास और यात्रा बहाली के कार्यों में लगे रहे। तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि वह मंदिर परिसर से मलबा हटाने के लिए एक श्रमिक की तरह जुटे हुए हैं। बीडी सिंह को चारधाम यात्रा के लिए सीएम का सलाहकार नियुक्त होने पर सोशल मीडिया में उनको लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बीडी सिंह अपने विरोधियों के निशाने पर है।