वन विभाग ने किया वनाग्नि रोकने के लिए चेपड़ो की महिलाओं को सम्मानित

16HREG190 वन विभाग ने किया वनाग्नि रोकने के लिए चेपड़ो की महिलाओं को सम्मानित

गोपेश्वर, 16 अप्रैल (हि.स.)। चमोली जिले के थराली विकास खंड के चेपड़ो गांव की महिला मंगल दल को वनाग्नि की रोकथाम के लिए वन विभाग की ओर से रविवार को सम्मानित किया गया। साथ ही इन सभी को राज्य स्तर पर सम्मानित किये जाने के लिए सरकार को पत्र भेजा गया है।

मध्य पिंडर रेंज थराली के वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया इस पर महिला मंगल दल चेपड़ो को सम्मानित करने का निर्णय लिया। इसके तहत आज आंगनबाड़ी केंद्र चेपड़ो में एक सम्मान समारोह का प्रधान चेपड़ो दर्शन सिंह की अध्यक्षता में हुआ। इसमें सूना वार्ड के जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए चेपड़ो की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह से अन्य गांवों की महिलाएं भी जंगलों में लगने वाले आग को फैलने से रोकने में वन विभाग को सहयोग करें तो जंगलों को आग से बचाया जा सकता हैं।

गौरतलब है कि पिछले दिनों उडी के सिविल वन भूमि से टुडरी के जंगलों में फैल गई थी, जिससे यहां का 50 हेक्टयर से अधिक भू भाग आग की चपेट में आ गया था, जिसको बचाने के लिए चेपड़ो गांव की 20 से अधिक महिलाओं ने वन विभाग के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के लिए जी तोड़ मेहनत की और आग बुझाकर इस भू भाग को बचा लिया था।

इस मौके पर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी थपलियाल ने महिलाओं को सामूहिक रूप से सम्मानित करते हुए बताया कि ममंद चेपड़ो को राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए करने के लिए उन्हें डीएफओ बदरीनाथ को प्रस्ताव भेजा है।

कार्यक्रम में चेपड़ो के क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह रावत, पूर्व वन दारोगा त्रिलोक सिंह रावत, ममंद अध्यक्ष नीलू देवी, उपाध्यक्ष सविता देवी, सचिव मुन्नी देवी, कोषाध्यक्ष महेशी देवी, कली देवी, संगीता देवी, पुष्पा देवी, हरमा देवी आदि ने विचार रखे।