16HREG268 चारधाम यात्रा का संचालन हरिद्वार से हो : राकेश गोयल
हरिद्वार,16 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार लग्जरी कोचेज वेलफेयर एसोसिएशन का रविवार को गठन किया गया। एसोसिएशन ने गठन के साथ ही चार धाम यात्रा का संचालन हरिद्वार से करने की मांग की है।
लग्जरी कोचेज का संचालन करने वाले कारोबारियों ने एसोसिएशन का मुख्य संरक्षक पूर्व विधायक संजय गुप्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को बनाया है। नरेश गोयल को संरक्षक, राकेश गोयल को अध्यक्ष और हरमोहन सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया है। जबकि पुष्प्रीत सिंह को महामंत्री, मुकेश गोयल को सचिव, बद्री प्रसाद को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इस दौरान एसोसिएशन ने चार धाम यात्रा का संचालन हरिद्वार से ही करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन में 21 अप्रैल से यात्रा की शुरुआत हरिद्वार से ही करने का भी निर्णय लिया है।
इस अवसर पर अध्यक्ष राकेश ने कहा कि हरिद्वार के हित में बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यात्रा की शुरुआत हरिद्वार से ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पहुंचने वाले हर भक्त को चारधाम के दर्शन कराने की घोषणा कर सराहनीय पहल की है, जो स्वागत योग्य है।
उपाध्यक्ष हरमोहन सिंह ने कहा कि चारधाम यात्रा का शुभारंभ ऋषिकेश से होता आया है। हम चाहते हैं कि यात्रा का शुभारंभ हरिद्वार से ही होना चाहिए। हमारे पास 150 से अधिक लग्जरी बसें हैं, जो एसी सहित सभी सुविधाओं से युक्त हैं। उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल की सुबह 8 बजे सेफ पार्किंग से यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें सिटी मजिस्ट्रेट समेत कई गण्यमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।