15HREG220 हर आवासहीन गरीब को पट्टा देकर बनाया जाएगा भूमि मालिक: शिवराज
– मुख्यमंत्री ने सीधी के ग्राम गोतरा में बांटे मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र, हितग्राहियों के साथ किया सहभोज
भोपाल, 15 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के हर आवासहीन गरीब व्यक्ति को आवास का पट्टा देकर मालिक बनाएंगे। कोई भी व्यक्ति घर बनाने के लिए जमीन के टुकडे़ से वंचित नहीं रहेगा। राज्य सरकार ने अभियान चलाकर हजारों एकड़ जमीन माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराई है। यह मुक्त कराई गई जमीन गरीब परिवारों को आवास के लिये बाँटी जाएगी। गरीबों को गाँवों में उपलब्ध शासकीय जमीन में पट्टे दिए जाएंगे। आवश्कता पड़ी तो जमीन खरीद कर भी पट्टों का वितरण करेंगें।
मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को सीधी जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोतरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर 142 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पट्टों का वितरण किया।
गरीबों का कल्याण कर जमाने को बदलने आया हूं
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं गरीबों का कल्याण कर जमाने को बदलने आया हूँ। हर गरीब को उसका हक मिलेगा। राज्य सरकार का संकल्प है कि ऐसे भूमिहीन गरीब जिनके पास अपना घर बनाने की जमीन नहीं है, सरकार उन्हें जमीन का पट्टा देगी। उन्होंने कहा कि इस योजना से उन परिवारों को भी लाभ मिलेगा, जो एक छोटे से घर में संयुक्त रूप से साथ रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार तो बड़ा होता गया लेकिन उनके पास जमीन का टुकड़ा नहीं है। आज का दिन गरीबों के लिए खुशी का दिन है और मैं उनके साथ खुशियों में शामिल होने आया हूँ। उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर चर्चा करते हुए कहा कि यह योजना बहनों के सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित होगी। इस योजना में हर पात्र बहन को प्रत्येक माह 1000 रुपये उनके खाते में दिये जाएंगे, जिससे उन्हें अपनी और परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा।
बहनों के हाथ का भोजन कर आत्मा प्रसन्न हो जाती है
मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों के साथ बैठकर सहभोज किया। उन्होंने परंपरागत ढंग से बने स्थानीय व्यंजनों को बड़े चाव से खाया। बहनों के हाथों से बने स्थानीय व्यंजन कोदो और मेझरी की खीर, रिकमच की सब्जी, कटहल की सब्जी, मऊहरी पूड़ी, महुआ के लड्डू, महुआ तिली मिक्स लाटा, मूनगा के पत्ते की पूड़ी, पराठे और मक्के की रोटी का बड़े चाव से स्वाद लिया। उन्होंने कहा कि बहनों के हाथ का भोजन कर आत्मा प्रसन्न हो जाती है।
उल्लेखनीय है कि भगवान बिरसा मुंडा नगर उत्तर टोला गोतरा में 142 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पट्टा 10मी x 6 मी साइज के चिह्नांकित कर लाटरी के माध्यम से वितरित किए गए हैं। इन प्लॉट के लिए 6 मीटर चौड़ाई की मुख्य रोड एवं 4 मीटर चौड़ाई की सहायक रोड बनायी गई हैं। भगवान बिरसा मुंडा नगर में पेयजल के लिये दो बोर और पार्क निर्मित किया गया है। साथ ही सामुदायिक भवन, आँगनबाड़ी भवन, सामुदायिक शौचालय, नाली, तालाब, प्राथमिक शाला इत्यादि का भी प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में आवास पट्टा वितरण कर एक कॉलोनी के रूप में विकसित किया गया है, जो सीधी जिले का नवाचार है।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह, सांसद रीती पाठक, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, सरपंच फूलबाई पनिका सहित जन-प्रतिनिधि, हितग्राही और नागरिक उपस्थित थे।