राजाजी पार्क : विलेज वॉलिंटियर प्रोटेक्शन फोर्स का हुआ गठन

15HREG201 राजाजी पार्क : विलेज वॉलिंटियर प्रोटेक्शन फोर्स का हुआ गठन

हरिद्वार,15 अप्रैल (हि.स.)। राजाजी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने जंगलों में लगने वाली आग और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए विलेज वॉलिंटियर प्रोटेक्शन फोर्स का गठन किया है।इस फोर्स में पार्क से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों की भर्ती की गई है।

हरिद्वार के भेल स्थित सभागार में विलेज वॉलिंटियर प्रोटेक्शन फोर्स में शामिल लोगों के साथ ही राजाजी पार्क प्रशासन के कर्मचारियों के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम हुआ। राजाजी टाइगर रिजर्व की डीओटी डायरेक्टर कहकशां नसीम ने ट्रेनिंग प्रोग्राम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से सटे गांवों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं होती रहती हैं, इनसे कृषि व संपत्ति की हानि के साथ मानव और वन्यजीव की भी हानि होती है।

इन घटनाओं में न्यूनता लाने के लिए उत्तराखंड सरकार की पहल पर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क से सटे गांवों के स्थानीय लोगों को जोड़कर एक विलेज वॉलिंटियर प्रोटेक्शन फोर्स का गठन किया गया है। जिसको पर्याप्त उपकरण और ट्रेनिंग देने के लिए इस प्रोग्राम का आयोजन किया गया है।उन्होंने बताया कि इन वॉलिंटियर्स का उपयोग वन महकमे से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किया जाएगा।