15HREG233 छोटी नहर ओवरफ्लो होने से भरा पानी, लोगों ने किया प्रदर्शन
हरिद्वार,15 अप्रैल (हि.स.)। कनखल से जमालपुर और अन्य गांव में सिंचाई के लिए जाने वाली छोटी नहर (रजवाहा) के ओवरफ्लो होने से जगजीतपुर पीठ बाजार सहित आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया। लोगों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।
बीते 3 दिनों में कई बार नहर के ओवरफ्लो होने से यहां अस्थाई रेड़ी और ठेली लगाकर सामान बेचने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी कृष्ण लाल प्रजापति ने कहा कि नहर का पानी स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
विभागीय तालमेल की कमी के चलते छोटी नहर में पानी ज्यादा छोड़े जाने के कारण नहर ओवरफ्लो हो रही है, जिससे लोगों के घरों और दुकानों में नहर का पानी भर रहा है। पानी भरने से लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी ओवरफ्लो का क्रम जारी है। शनि मंदिर के पंडित पंकज जोशी ने बताया कि छोटी नहर ओवरफ्लो होने से नहर का पानी सड़कों से लेकर घरों और दुकानों तक जा पहुंचा है। पिछले कुछ दिनों में कई बार छोटी नहर ओवरफ्लो हो चुकी है। जगजीतपुर पीठ बाजार चौराहे पर स्थानीय लोग ठेली लगाकर अपना गुजर बसर करते हैं। पानी भरने से लोग काम भी नही कर पा रहे है।
प्रदर्शन करने में पंडित पंकज जोशी, पवन धीमान, आशु धीमान, सोनू, राजेंद्र, राजेश, रमेश, दीपक कुमार, ऋषभ कश्यप, लव आदि उपस्थित रहे।