अवैध खनन करते हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सात वाहन पकड़े

15HREG300 अवैध खनन करते हरियाणा और उत्तर प्रदेश के सात वाहन पकड़े

-प्रत्येक पर ढाई-ढाई लाख का जुर्माना

हरिद्वार,15 अप्रैल (हि.स.)। रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट ने अवैध खनन करते 7 वाहनों को जब्त किया है। यह सभी वाहन हरियाणा और उत्तर प्रदेश के हैं, जो बिना रवन्ना के खनिज की चोरी कर रहे थे। जिलाधिकारी ने प्रत्येक वाहन पर ढाई लाख रुपये के जुर्माने के साथ संबंधित स्टोन क्रशर के लाइसेंस निरस्त करने के आदेश दिए हैं।

संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की अभिनव शाह ने लक्सर-रुड़की मोटर मार्ग पर लंढौरा के निकट औचक निरीक्षण कर हरियाणा व उत्तर प्रदेश के सात वाहनों को अवैध उप खनिज बिना रवन्ना के परिवहन करने पर सीज करते हुए पुलिस चौकी लंढ़ौरा के सुपुर्द किया गया।

इन वाहनों से अवैध उप खनिज भरकर लाया गया है। ऐसे अज्ञात स्टोन क्रशरों के खिलाफ भी एफआरआई दर्ज करते हुए बार-बार अवैध खनन में लिप्त होने के कारण इनका लाइसेंस स्थाई रूप से निरस्त करने के निर्देश दिए ।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि इन सीज किये गये वाहनों पर भादसं 379 एवं खनन अधिनियम 421 के अन्तर्गत कार्रवाई की जाये। इसके अतिरिक्त इन वाहन मालिकों पर एक लाख रुपये खनन और डेढ़ लाख रुपये परिवहन एक्ट के तहत जुर्माना लगाया जाए। इस प्रकार इन वाहन मालिकों पर कुल ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिये हैं कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने एसडीएम, सीओ, थानाध्यक्ष, चौकी इंचार्ज को सख्त निर्देश दिये कि अवैध खनन में जो भी लिप्त पाया जाये, उनके खिलाफ सम्बन्धित एक्ट में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाये।