नशा मुक्ति केन्द्र प्रकरण के आरोपित न्यायिक हिरासत में

15HREG103 नशा मुक्ति केन्द्र प्रकरण के आरोपित न्यायिक हिरासत में

देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्ति केन्द्र में बेसबाल के डंडे से पीट-पीटकर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने संचालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा और कागजात बरामद कर लिये। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश किया जहां से उनको शनिवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

11 अप्रैल को थाना क्लेमेंट टाउन पर हेमंत की सूचना पर उसके भाई सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू को लगभग 20-25 दिन पहले आराध्य फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र चंद्रबनी में भर्ती कराया गया था। जिसको नशा मुक्ति केंद्र के संचालक प्रशांत जुयाल, अजय शर्मा, मनीष कुमार, एवं मोहन थापा द्वारा बेरहमी से पीटकर हत्या कर सुबह लगभग सात बजे सिद्धार्थ के मृत शरीर को कपड़े में लपेटकर उनके घर के बाहर छोड़कर भाग गए। थाना क्लेमेंट टाउन पर हत्या और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर पंकज गैरोला कर रहे हैं।

उन्होंने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया गया। उन्होंने पाया कि नशा केंद्र संचालक प्रशांत जुयाल और अजय शर्मा ने 10 अप्रैल की रात में सिद्धार्थ के साथ काफी मारपीट की थी, जिसके कारण अगले दिन सुबह तक सिद्धार्थ की मृत्यु हो चुकी थी, फिर प्रशांत के कहने पर अजय, मनीष कुमार एवं मोहन थापा के द्वारा प्रशांत की गाड़ी स्विफ्ट कार से मृतक सिद्धार्थ के शव को सिद्धार्थ के घर के बाहर क्लेमेंट टाउन में छोड़ा गया था।

जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर एसएसपी ने थानाध्यक्ष क्लेमेंट टाउन को आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु आदेशित किया। उक्त चारों आरोपितों को दौरान चेकिंग दूधली चौक पोस्ट पर मय कार स्विफ्ट में सवार प्रशांत जुयाल निवासी शिवकुटी क्लेमेंट टाउन, अजय शर्मा निवासी डोईवाला, थाना डोईवाला, मनीष कुमार निवासी चंदर रोड डालनवाला, थाना रायपुर, मोहन थापा निवासी न्यू बस्ती क्लेमेंट टाउन को गिरफ्तार कर लिया गया।