चमोली जिले में आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, निकाली शोभा यात्रा

14HREG291 चमोली जिले में आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई, निकाली शोभा यात्रा

गोपेश्वर, 14 अप्रैल (हि.स.)। चमोली जिले में विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को महात्मा ज्योतिबा फूले एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की संयुक्त जयंती धूमधाम के साथ मनायी गई। साथ ही शोभा यात्रा निकाल कर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया।

चमोली जिले के गोपेश्वर, पोखरी, जोशीमठ, गौचर के साथ अन्य स्थानों पर महात्मा ज्योतिबा फूले एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की संयुक्त जयंती मनायी गई। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में बस स्टेशन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष पुष्पा पासवान तथा सर्वोदयी नेता मुरारी लाल ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज को जोड़ने का कार्य किया और सामाजिक न्याय और सामाजिक असमानता के खिलाफ लड़ाई लड़ी। महिलाओं के बराबरी का अधिकार और भौतिक दायित्वों की बात की।

इसी तरह पोखरी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पोखरी विनायक धार से पोखरी गोल बाजार तक शोभायात्रा निकाली गई। गौचर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को पुष्पांजली अर्पित की। कार्यक्रम में 13 लोगों को सामाजिक कार्यों के लिये सम्मानित किया गया।