14HREG357 योजनाओं का अल्पसंख्यक समाज ले लाभ : नरेंद्र कुमार जैन
देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था आयोग (एनसीएमईआई) के चेयरमैन जस्टिस नरेंद्र कुमार जैन ने शुक्रवार को कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के हित में सरकार अनेकों योजनाएं संचालित कर रही है, जिसका लाभ समाज के लोगों को लेना चाहिए।
शुक्रवार को मसूरी नगर पालिका परिषद सभागार में एनसीएमईआई चेयरमैन जस्टिस नरेंद्र कुमार जैन ने सभी अल्पसंख्यक समुदायों और उनके शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े लोगों से अल्पसंख्यकों से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 6 समुदायों- मुस्लिम, ईसाई, सिख, जैन, बौद्ध और पारसी को धार्मिक अल्पसंख्यक घोषित किया हुआ है। केन्द्र ने भाषाई अल्पसंख्यक घोषित नहीं किए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जमीन का पट्टा व्यक्ति के नाम होने पर मदरसा बनाने के लिए 20 लाख मुहैया कराती है। एनएमडीएफसी योजना में अल्पसंख्यक वर्ग को सस्ती दरों पर कर्ज मुहैया कराया जाता है। इस योजना का शुरुआती कोष 500 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 3,500 करोड़ हो गया है। बैंकों में भी अल्पसंख्यक वर्गों के लिए एक नोडल ऑफिसर होता है। अगर अपने समुदाय के लिए कुछ करना चाहते हैं तो स्कूल और मेडिकल कॉलेज खोलें।