14HREG394 ‘संवैधानिक लोकतंत्र स्थापित करने में बाबा साहब का अमिट योगदान’
देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश भर में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती को मंडलों से लेकर बूथ स्तर तक धूमधाम से मनाई। इस दौरान वक्ताओं ने बाबा साहेब का भावपूर्ण स्मरण करते हुए संवैधानिक लोकतंत्र स्थापित करने में बाबा साहब का अमिट योगदान है।
बलबीर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान के प्रति देश और समाज उपयोगी बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली ने कहा कि आज देश जिस संवैधानिक लोकतंत्र की आज़ाद हवा में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है उसको बनाने और स्थापित करने में भारतरत्न बाबा साहब का योगदान अमिट है। समाज में बराबरी स्थापित करने के लिए सम्पूर्ण जीवन खपा दिया। तत्कालीन सरकारों ने उनके योगदान को कमतर साबित करने का प्रयास दशकों तक किया।
उन्होंने कहा कि आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बाबा साहब के जीवन और कार्यों से जुड़े स्थानों को संरक्षित कर भव्यता प्रदान करने में जुटी है ताकि आने वाली पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा लेती रहे।
प्रदेश कार्यालय प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि भाजपा भारतरत्न डॉ अम्बेडकर के सिद्धांतों को आत्मसात कर राजनैतिक ही नही सामाजिक तौर पर भी कुरीतियों को दूर करने की दिशा में काम कर रही है।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाष बड़थ्वाल ने बाबा साहब के जीवन पर काव्य पाठ कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान राजपुर विधायक खजान दास, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल,महापौर सुनील उनियाल गामा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान,प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र बिष्ट, नवीन ठाकुर, मधु भट्ट, सुनीता विद्यार्थी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी मानिक निधि शर्मा एवं राजेंद्र सिंह नेगी, रविंद्र कटारिया, अजीत नेगी, करुण दत्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।