14HREG81 ऋषिकेश में धूमधाम से मनाया गया बैसाखी का पर्व
ऋषिकेश, 14 अप्रैल (हि.स.)। देश के विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं शुक्रवार को तीर्थ नगरी ऋषिकेश में बैसाखी के पर्व पर त्रिवेणी घाट, राम झूला, लक्ष्मण झूला सहित अन्य गंगा घाटों पर हर हर गंगे के उद्घोष के साथ पुण्य की डुबकी लगाई। सुबह चार बजे से ही स्नान का क्रम शुरू हो गया था। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य किया।
इस बार बैसाखी पर्व पर गंगा स्नान को श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी है। गंगा स्नान के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम किए गए है। इसके अलावा गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट एवं निर्मल आश्रम गुरुद्वारे में भी बैसाखी पर्व धूमधाम से मनाया गया। सिख समुदाय के लोगों ने गुरुद्वारे में माथा टेकने के बाद सुख समृद्धि की कामना की। सुबह से ही सिख श्रद्धालु गुरुद्वारे में पहुंचने लगे थे। रागी जत्था ने शबद कीर्तन के माध्यम से सिख संगत को निहाल कर दिया। कीर्तन के द्वारा गुरु की शिक्षाओं और आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।