14HREG149 स्कूल संचालक के घर हुई डकैती का खुलासा, पांच बदमाश गिरफ्तार
देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने स्कूल संचालक के घर डकैती मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गये जेवरात बरामद कर लिये हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शुक्रवार को डीआईजी/एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि 11 अप्रैल को संदीप अग्रवाल (स्कूल संचालक) पुत्र विनोद अग्रवाल निवासी नेहरू कॉलोनी ने सूचना दी कि दोपहर करीब बारह बजे चार बदमाशों घर में घुस गए। चाकू व तमंचे की नोक पर उन्होंने घर के सदस्यों को बंधक बनाते हुए घर से सोने के जेवरात व नकदी लूट कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि स्कूटी व बाइक पर सवार चार लोग घटनास्थल पहुंचे थे। उन्होंने गाड़ियां दूर खड़ी कर घटना को अंजाम दिया था। एक बदमाश निगरानी के लिए घर के पास ही रुक गया था। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन से पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के फोटोग्राफ प्राप्त हुए। इसके बाद पुलिस ने चार लोगों विपिन, सचिन, विकास व अंकित को ग्राम पचेन्डाकला, मुजफ्फरनगर तथा 01 अन्य विकास जयसवाल को आईडीपीएल ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लूट का समस्त सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।