12HNAT45 भाजपा सरकार में किसानों के लिए खेती लाभ का सौदा : कृषि मंत्री कमल पटेल
-मध्य प्रदेश सरकार 80 प्रतिशत सब्सिडी पर किसानों को उपलब्ध करा रही बीज
देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने खेती को घाटे का धंधा बना दिया था, अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में घाटे की खेती को लाभ की खेती बनाकर हरियाला बिखेरने का काम किया जा रहा है।
यह बातें मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने यहां मसूरी के मिलेट 2023 के अंतर्गत आयोजित क्षमता और अवसर पर हो रहे राष्ट्रीय सम्मेलन में पत्रकारों से बातचीत में कहीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को मजबूत बनाए जाने को लेकर मिलेट मिशन के तहत 80 प्रतिशत सब्सिडी में अच्छी गुणवत्ता का मोटे अनाज का बीज किसानों को उपलब्ध करा रहा है। जिससे की किसान बेहतर उत्पादन कर सके और उनकी आय में इजाफा हो सके।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आजादी के 70 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस की सरकार की घाटे की खेती को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाभ की खेती बनाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक लाख करोड़ रुपये परिषद कृषि नियोजन विकास फंड को दिया है, जिसमें नाबार्ड के माध्यम से 2 प्रतिशत की ब्याज में छूट दी जायेगी। 40 प्रतिशत छूट सब्सिडी के तौर पर किसानों को छोटे उद्योग लगाने के लिये मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती, गोबर से खाद, गोमूत्र से दवा बना कर आज शुद्ध अनाज का उत्पादन किया जा रहा है। पेस्टिसाइड और रासायनिक खाद इस्तेमाल का असर सीधा इंसान के जीवन पर पड़ रहा है। भारत सरकार का उद्देश्य है कि धीरे-धीरे पेस्टिसाइड और रासायनिक खाद के इस्तेमाल को समाप्त कर और प्राकृतिक खाद से खेती किए जाना और किसानों की आय को दोगुना किये जाने को लेकर लगातार काम कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि भारत देश एक बार फिर से आत्मनिर्भर और सोने की चिड़िया बनने के साथ विदेशों में अपने उत्पादों का निर्यात करें, इस को लेकर केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार लगातार काम कर रही है। अब किसान का एक बेटा खेती करेगा तो दूसरा बेटा व्यापार करेगा। एमआरपी में अपने उत्पादों को बेचेगा और जो बिचौलियों कमाते थे, उसको समाप्त करेगा।