केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 16 अप्रैल को आएंगे उत्तराखंड

12HNAT46 केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 16 अप्रैल को आएंगे उत्तराखंड

-गूंजी गांव में करेंगे रात्रि प्रवास

देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल 16 अप्रैल को उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे प्रधानमंत्री मोदी के वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत पिथौरागढ़ के गूंजी गांव में रात्रि प्रवास करेंगे।

यह जानकारी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव का ही परिणाम है कि एक के बाद एक केंद्रीय मंत्री विकास योजनाओं की प्रगति देखने के लिए लगातार दौरा करते रहते हैं। इसी क्रम में वाइब्रेंट विलेज योजना में हो रहे कार्यों की जानकारी के लिए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल पिथौरागढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करने पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह यहां केंद्र द्वारा संचालित विकास की योजनाओं की जानकारी लेंगे और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा करेंगे। इस दौरान सीमान्त गांव गूंजी में रात्रि विश्राम करेंगे।

उन्होंने बताया कि 1980 में धारचूला लिपुलेख बॉर्डर होते हुए कैलाश मानसरोवर जाने के लिए 17 दिन की कठिन पैदल यात्रा करनी पड़ती थी। जो आज केंद्र सरकार के प्रयासों से सीमा तक सड़क मार्ग निर्माण से मात्र आधे घंटे की पैदल यात्रा रह गयी है। इसी क्रम में वाइब्रेंट विलेज योजना से सीमावर्ती क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य से जो यहां की तस्वीर बदलने वाले है उसके गवाह हम सभी लोग बनेंगे।