(अपडेट) मप्रः दिग्विजय सिंह ने मंत्रियों पर साधा निशाना, कहा-जिस दिन कुर्सी जाएगी तो क्या होगा?

11HREG365 (अपडेट) मप्रः दिग्विजय सिंह ने मंत्रियों पर साधा निशाना, कहा-जिस दिन कुर्सी जाएगी तो क्या होगा?

सागर, 11 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार को सागर जिले की 6 विधानसभा क्षेत्रों के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। पहले दिन वे बीना विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिले से आने वाले तीन मंत्रियों गोविंद सिंह राजपूत, गोपाल भार्गव और भूपेंद्र सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस दिन कुर्सी जाएगी तो क्या होगा?

उन्होंने कहा कि मंत्रियों की दादागिरी चल रही है और इन सबके ऊपर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बैठे हुए हैं। जरा भगवान से डरो। कुर्सी किसी की नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे पर बात नहीं करती है। मूल मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धर्म के नाम पर गुमराह करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस के चेहरे के सवाल पर फिर कहा कि कांग्रेस का चेहरा कमलनाथ जी हैं।

पत्रकार वार्ता के बाद दिग्विजय सिंह बीना विधानसभा क्षेत्र की मंडलम सेक्टर बैठक व कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन में कार्यकर्ताओं को जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर मंडल सेक्टर पर महिलाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति, पिछड़े वर्ग को भी ब्लॉक, मंडल, सेक्टर, बीएलए में अनिवार्य रूप से जगह देना चाहिए। संगठन सबका है, इसीलिए सभी अगड़ी पिछड़ी जातियों के लोगों को संगठन में जोड़ने की आवश्यकता है। सभी को जोड़ेंगे तब मजबूत संगठन बनेगा क्योंकि संगठन में ही शक्ति है। उन्होंने समस्त कार्यकर्ताओं की बैठक में अपने चिर परिचित अंदाज में महिलाओं को मंच पर बैठाया और स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ सबसे पीछे की कतार में बैठे। उन्होंने सबकी बातें ध्यान से सुनी और उन्हें उनके जवाब दिए।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दोपहर बाद खुरई विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां वे कांग्रेस के मंडलम सेक्टर अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले कार्यकर्ताओं से कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। मंत्री के खिलाफ बोल नहीं सकते तो मुझे लिखकर दो, अन्याय नहीं होने देंगे, लड़ेंगे, जीतेंगे।

कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह से मंत्री द्वारा उन पर किए जा रहे अत्याचार की आपबीती लगभग दो घंटे तक सुनाई। पूर्व मुख्यमंत्री ने धीरता के साथ सभी कार्यकर्ताओं की बातें सुनी और उनकी निडरता और साहस के लिए उन्हें शाबाशी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पहले जब मैं खुरई आया था और अब आया हूं तो अंतर दिखाई दे रहा है। हमारे कार्यकर्ता अब बिना देर घर से निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं कमलनाथ जी से कहूंगा कि वे एक प्रदेश स्तरीय जनसभा दतिया में और एक जनसभा खुरई में आयोजित करें और पूरे प्रदेश के नेताओं कार्यकर्ताओं को इकट्ठा करें फिर देखते हैं कितने लोगों पर मंत्री जी केस दर्ज करवाते हैं, कितनी सभाएं रोकेंगे, इसीलिए घबराइए मत।