पेशवाई मार्ग से पॉड कार रूट बदलने तक जारी रहेगा प्रदर्शन : सुनील

10HREG86 पेशवाई मार्ग से पॉड कार रूट बदलने तक जारी रहेगा प्रदर्शन : सुनील

हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)। महानगर व्यापार मंडल के व्यापारियों ने जिलाध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में आज फिर कुम्भ पेशवाई मार्ग दूधाधारी से ज्वालापुर तक प्रस्तावित पॉड कार रूट के सर्वे के विरोध में टीम पॉड कार परियोजना से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ काली पट्टी बांधकर बस अड्डे के पास प्रदर्शन किया।

सेठी ने कहा कि बिना आकलन किये गलत डीपीआर तैयार करने वाली कम्पनी ने हरिद्वार की पौराणिकता, भौगोलिक परिस्थिति का ध्यान ही नहीं रखा। यह सीधा-सीधा हरिद्वार की पौराणिकता पर प्रहार है। उन्होंने समस्त अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि उन्हें महाकुंभ की पेशवाई की वीडियो देखनी चाहिए। किस प्रकार अखाड़ों के संत-महात्माओं की पेशवाई और भव्य शोभा यात्राएं दूधाधारी से ज्वालापुर मार्ग से होती हुई हरकी पौड़ी स्नान के लिए आती हैं? कैसे इस मार्ग पर बड़े-बड़े पिलर और सड़क के बीचो बीच कोई योजना प्रस्तावित हो सकती है।

जिला उपाध्यक्ष सुनील मनोचा और जिला सचिव पंकज माटा ने कहा कि यह विषय पर जो पौराणिकता के साथ जुड़ा है, परियोजना तैयार करने वाली कंपनी ने सही तरीके से रूट का आंकलन नहीं किया। कैसे सड़क के बीचो बीच इतनी बड़ी रुकावट का आंकलन नहीं किया गया। इसलिए इस रूट को बदलना करना आवश्यक है। इस प्रस्तावित रूट के बदले जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। महानगर अध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया और महामंत्री नाथीराम सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

विरोध जताने वालों में मुख्य रूप से कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, नीरज जैन, सरदार रिंकल सिंह, मनोज ठाकुर, सोनू चौधरी, तरुण यादव,सरदार लक्की सिंह, धर्मपाल सिंह, भूदेव शर्मा,उमेश चौधरी, राजेश भाटिया, अजय चौरसिया, गणेश शर्मा, दीपक मेहता, उमेश कुमार, राहुल अरोड़ा, नितिन कुमार, राजीव शर्मा, अरुण कुमार उपस्थित रहे।