सरोवर नगरी अप्रैल माह में पहली बार अभूतपूर्व तरीके से तीन दिन के लिए सैलानियों से पैक

08HREG183 सरोवर नगरी अप्रैल माह में पहली बार अभूतपूर्व तरीके से तीन दिन के लिए सैलानियों से पैक

नैनीताल, 08 अप्रैल (हि.स.)। सरोवर नगरी नैनीताल देश भर के पर्यटकों की पहली पसंद बन गई है। दिल्ली से नजदीक होने, सड़कों में सुधार होने और गुड फ्राइडे के साथ तीन दिन के सप्ताहांत पर सरोवर नगरी अप्रैल माह के इतिहास में पहली बार तीन दिन के लिए सैलानियों से पैक हो गई है।

नगर के सभी होटलों के साथ पार्किंग भर गई हैं। उनमें यात्रियों या वाहनों के लिए जगह नहीं बची है। ऐसे में पुलिस पर्यटकों के वाहनों को नगर से करीब 8 किलोमीटर पहले रूसी बाइपास में खड़ा कर वहां से शटल टैक्सियों से भेज रही है। शटल टैक्सियों के लिए यात्रियों को प्रति टैक्सी 8 किलोमीटर के लिए 1500 रुपए तक देने पड़ रहे हैं।

वाहनों को नगर के बाहर रोके जाने से शनिवार को नगर में वाहन शुक्रवार की अपेक्षा कम तो हैं, फिर भी वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं। पैदल घूमने और नैनी झील में नौकायन करते सैलानियों की भारी भीड़ के साथ रौनक नगर आ रही है। केएमवीएन की स्नो व्यू के लिए रोपवे पर संचालित केबल कार भी काफी जल्दी-जल्दी चक्कर लगा रही है। नगर के सभी पर्यटक स्थलों पर सैलानी पहुंच रहे हैं। पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को अप्रैल माह में अच्छा रोजगार मिल गया है।

व्यवस्थाओं को लेकर पूछे जाने पर सीओ सिटी विभा दीक्षित ने तो फोन नहीं उठाया, अलबत्ता तल्लीताल के थाना प्रभारी रोहताश सिंह सागर ने बताया कि सैलानियों के वाहनों की काफी भीड़ बढ़ जाने के कारण वाहनों को रूसी बाइपास में रोका जा रहा है और वहां से यात्रियों को शटल टैक्सियों के माध्यम से नगर में भेजा जा रहा है। कैंची धाम की ओर से भी बड़ी संख्या में यात्री अपने वाहनों से नैनीताल की ओर आ रहे हैं। उन्हें भी भवाली के मस्जिद तिराहे से सीधे नैनीताल आने की जगह गेठिया-बीरभट्टी के रास्ते रूसी बाइपास लाकर वहां रोका जा रहा है।

इधर नैनीताल होटल रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि पहली बार अप्रैल माह में सैलानियों की इतनी भारी भीड़ है। इसकी प्रशासन के साथ उन्हें भी उम्मीद नहीं थी। नैनीताल के साथ ही भवाली-भीमताल व कैंची धाम आदि स्थानों के भी सभी होटल व पार्किंग पैक हैं। गौरतलब है कि प्रशासन अभी पर्यटन की तैयारियों की वर्ष में एक बार होने वाली बैठक भी नहीं कर पाया है। बताया जा रहा है कि अगले सप्ताह मंडलायुक्त दीपक रावत पर्यटन संबंधी बैठक ले सकते हैं।

कैंची धाम में 30 हजार सैलानियों के पहुंचने का अनुमान

हाल के दौर में बड़ी आस्था का केंद्र बने बाबा नीब करौरी के कैंची धाम में शनिवार को सप्ताहांत पर 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। यहां सुबह मंदिर के गेट खुलने से पहले ही हजारों श्रद्धालु कैंची कस्बे से मंदिर की ओर जाने वाली पुलिया पर और आगे मंदिर के अहाते में खड़े नजर आए। इतनी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने से भविष्य में कोई भगदड़ मचने जैसी संभावना पर बड़ी दुर्घटना की आशंका भी जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि इतनी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने के बावजूद अभी यहां खैरना चौकी व भवाली थाने के सीमित संख्या में पुलिस कर्मी ही व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी बौनी साबित हो रही हैं। खैरना चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने दिन तक कैंची धाम में 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने के अनुमान की पुष्टि की है।