वर्ग विशेष के अवैध संस्थानों पर कार्रवाई से कांग्रेस को दर्द : भाजपा

08HREG232 वर्ग विशेष के अवैध संस्थानों पर कार्रवाई से कांग्रेस को दर्द : भाजपा

-कांग्रेस के चिट्टी अभियान पर भाजपा बोली विचार शून्य पार्टी

देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अवैध धार्मिक अतिक्रमण के ध्वस्तीकरण को लेकर मुख्यमंत्री की मुहिम का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस नीति हमेशा ही ऐसे अनधिकृत कब्जों के समर्थन में खड़ी होती रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के कुछ अतिक्रमणों को छूट देने के बयान पर सवाल पर कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कहा कि वर्ग विशेष से संबंधित अवैध संस्थानों पर होने वाली कार्रवाई पर कांग्रेस हमेशा ही विरोध करती रही है।

अध्यक्ष भट्ट ने एक सवाल पर कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और समस्त जनता वन सहित तमाम सरकारी भूमि पर अवैध धार्मिक कब्जों को हटाने की कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मजबूती के साथ खड़ी है। कठोरतम धर्मांतरण कानून के बाद धामी सरकार गलत धार्मिक मंशा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ उठाया गया यह कदम ऐतिहासिक और राज्य की सनातनी संस्कृति के संरक्षण को अहम कदम है।

उन्होंने कहा सरकार के इस कदम की सभी राजनीतिक दलों को राज्य हित में प्रशंसा करनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की प्रतिक्रिया स्पष्ट करती है कि वह अभी भी वर्ग विशेष के तुष्टिकरण के पक्ष में खड़े हैं।

उन्होंने कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजे जाने के अभियान पर चुटकी लेते हुए कहा कि मुद्दाविहीन और विचार शून्य कांग्रेस पार्टी के पास कुछ बचा नहीं है।

उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति पर आक्षेप लगाने वाले तमाम मुद्दों पर तो कांग्रेस के नेता बढ़-चढ़कर बयानबाजी करते हैं और प्रदेश में कानून व्यवस्था एवं सद्भाव बनाए रखने में आड़े आ रहे अवैध धार्मिक स्थलों, संस्थाओं और व्यक्तियों पर होने वाली कार्रवाई पर इन्हें सांप सूंघ जाता है। कांग्रेस कई बार अपने व्यवहार और वक्तव्य से यह साबित कर चुकी है कि उसका समर्थन अवैध धार्मिक अतिक्रमणकारियों को है। इससे उसके दोहरे चरित्र को जनता भी समझ चुकी है।