07HREG52 विश्व स्वास्थ्य दिवस पर रोटरी क्लब ने आयोजित की गोष्ठी
ऋषिकेश, 07 अप्रैल (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर शुक्रवार को रोटरी क्लब ऋषिकेश द्वारा प्रसाद क्लिनिक में एक गोष्ठी का आयोजन कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान क्लब के सदस्य डॉ हरिओम प्रसाद ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस का मुख्य मकसद लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में जिस तरह से कोरोना जैसी नई महामारी ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में लिया और करोड़ों लोगों ने जान गंवायी, उसके बाद यह सुनिश्चित करना अति आवश्यक है कि हर इंसान को बिना किसी रुकावट के अच्छा इलाज मिल सके। इसके लिए सरकार ने बहुत सी योजनाएं बना रखी हैं। उसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना ही मुख्य मकसद है।
गोष्ठी में डॉक्टर रितु प्रसाद ने बताया कि हर वर्ष सात अप्रैल को दुनिया भर में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के बारे में लोगों के बीच जागरूकता फैलाने और चिकित्सा क्षेत्र में हो रही रिसर्च व नई दवाओं के बारे में लोगों को जानकारी देने के उद्देश्य से इस दिन को मनाया जाता है।
डॉक्टर प्रसाद ने कहा कि स्वास्थ्य का मतलब सिर्फ अच्छा खाना, खाना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी आवश्यक है कि कैसे हम अपने जीवन को और आगे बढ़ा सकते हैं। इसके लिए हमें धूम्रपान, तम्बाकू और शराब जैसी चीजों से दूर रहना चाहिए और कम से कम 30 मिनट का व्यायाम अति आवश्यक है।