16HREG201 पिता-पुत्र के हिम्मत से सपेरा गैंग के सदस्य दबोचे
-गैंग के सदस्यों की निशानदेही पर चोरी और लूट का सामान बरामद
हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलावलपुर में 15 मार्च को 03 बदमाशों ने नीरपाल सिंह पुत्र रत्न सिंह के घर लूट के आरोपित को पिता-पुत्र ने हिम्मत का परिचय देते हुए पकड़ने पर एसएसपी ने दोनों को सम्मानित किया।
विरोध करने पर एक बदमाश ने नीरपाल सिंह के पुत्र उपलक्ष्य के ऊपर तमंचे से फायर कर दिया था, जिसमें वह बाल बाल बच गया। मारपीट में घायल होने और फायर से बाल-बाल बचने के बाद भी साहस का परिचय देते हुए दोनों ने एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया था, जबकि 02 अन्य बदमाश मौके से भाग गए थे। पुलिस ने पकडे़ गये बदमाश गगन निवासी घीस्सुपुरा पथरी को 01 तमंचे, जिंदा कारतूस व खोखा कारतूस के साथ हिरासत में लिया था। पुलिस ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लक्सर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
बदमाश गगन ने पूछताछ में बताया कि आरोपित ने अपने भाई वतन और नितिन के साथ मिलकर इस लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान इनके बनाए गए सपेरा गैंग ने लक्सर क्षेत्रांतर्गत कई आपराधिक घटनाएं कर चुके हैं। इसके आधार पर दबिश देते हुए पुलिस टीम ने सपेरा गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर वांछित अभियुक्त नितिन, गोरवनाथ और पूजा को दबोचने में सफलता हासिल की। साथ ही विभिन्न वारदातों से चोरी किया गया माल बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम गगन, नितिन, पूजा निवासीगण ग्राम घीस्सुपुरा पथरी, हरिद्वार , गौरवनाथ निवासी सपेरा बस्ती चण्ड़ीघाट निकट कुष्ट आश्रम थाना श्यामपुर बताए। जबकि वतन, घमीर , नीटू निवासीगण ग्राम घीस्सुपुरा पथरी जिला हरिद्वार फरार बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर आभूषण, नगदी, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए गैंग के सदस्य चोरी और लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।