पहाड़ के व्यंजन ‘झोली भात’ के नाम से बन रही फिल्म

12HREG200 पहाड़ के व्यंजन ‘झोली भात’ के नाम से बन रही फिल्म

नैनीताल, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के प्रमुख व्यंजनों में एक ‘झोली-भात’ के नाम से एक हिंदी लघु फिल्म बन रही है। फिल्म का निर्देशन उत्तराखंड के ही निवासी मनीष मेहता कर रहे हैं और इसकी शूटिंग हल्द्वानी सहित नैनीताल और अल्मोड़ा जनपद में कई स्थानों पर हुई है। नवोदय मीडिया व ईजा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस लघु फिल्म में मुंबई में स्थापित पहाड़ के ही कलाकार कुणाल पंत व अंकिता परिहार मुख्य भूमिका में हैं।

फिल्म में अल्मोड़ा निवासी रंगकर्मी बिमला बोरा, कमलेश पांडे, ममता वाणी भट्ट, नवीन चंद्र, रवि पाठक और रामनगर निवासी ललित बिष्ट व वंश आदि कई स्थानीय कलाकारों ने भी अभिनय किया है।

फिल्म के निर्देशक एवं फिल्म की कहानी भी लिखने वाले मनीष मेहता ने बताया कि झोली-भात पहाड़ का एक प्रसिद्ध व्यंजन है। इसमें खट्टेपन के साथ एक मिठास भी होती है। यह फिल्म पहाड़ के एक नवविवाहित दम्पति के रिश्तों के बीच की खटास और मिठास के इर्द-गिर्द घूमती हुई कहानी पर आधारित है। मूल रूप से थल पिथौरागढ़ के रहने वाले फिल्म के अभिनेता कुणाल पंत हाल ही में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म सिक्सर, श्रीकांत बसीर व साड्डा अड्डा आदि में अभिनय कर चुके हैं।