12HREG24 स्वामी अरुण गिरी बने पंच दशनाम आह्वान अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर
ऋषिकेश, 12 मार्च (हि.स.)। भूपतवाला स्थित श्री पंच दशनाम आह्वान अखाड़े में अखाड़े के रमता पंचों एवं संत समाज के सानिध्य में आयोजित भव्य पट्टाभिषेक समारोह में पूर्ण वैदिक विधान से महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज का अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर पद पर अभिषेक किया गया।
समारोह में सभी तेरह अखाड़ों के प्रतिनिधियों ने महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज को तिलक चादर ओढ़ा कर शुभकामनाएं दी।
षड दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष महंत भूपेंद्र गिरी और आह्वान अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत सत्य गिरी महाराज ने कहा कि अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर पद पर आसीन हुए स्वामी अरुण गिरि महाराज संत समाज और हिंदू समाज को एक नई दिशा देंगे।
सभापति श्रीमहंत पूनम गिरी महाराज ने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज समाज निर्माण और मानव सेवा में योगदान के साथ अखाड़ा परंपरा को मजबूत करेंगे।
आह्वान अखाड़े के नवनियुक्त आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज ने कहा कि अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत सत्य गिरी महाराज और अखाड़े के रमता पंचों ने उनके कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी रख दी है। वे जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से पालन करेंगे।
नगर विधायक मदन कौशिक ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरी महाराज भारतीय संस्कृति के सच्चे संवाहक हैं। उन्होंने हमेशा भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किया है। उनका जीवन मानव सेवा और संत समाज की सेवा में समर्पित हैं।
निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरुण गिरि महाराज ने हमेशा समाज को नई दिशा दी है। वे एक महान संत हैं और उन्होंने हमेशा मानव सेवा को ही अपना धर्म माना है।