रतलाम: इंदौर से पुरी-गंगासागर भव्य काशी यात्रा के लिए रवाना होगी आई.आर.सी.टी.सी. की भारत गौरव पर्यटक ट्रैन

रतलाम, 8 नवंबर (हि.स.)। रेल मंत्रालय ने देश के विभिन्न भागों से भारत सरकार द्वारा परिकल्पित देखो अपना देश और एक भारत श्रेष्ठ भारत की पर्यटन अवधारणाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। भारतीय रेलवे भारत को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्षेत्र में एक आकर्षक गंतव्य के रूप में प्रदर्शित करने के हमेशा प्रतिबद्ध रहा है। भारतीय रेल की इन थीम-आधारित ट्रेनों की परिकल्पना घरेलू पर्यटकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से अवगत कराने हेतु की गई है।

मंडल रेल प्रवक्ता खेमराज मीना के अनुसार मध्यप्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आई.आर.सी.टी.सी.) द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रैन का संचालन किया जा रहा है। जो 16 दिसंबर को इंदौर शहर से पुरी-गंगासागर भव्य काशी यात्रा के लिए रवाना होगी। यह ट्रैन मध्यप्रदेश के इंदौर, देवास, उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति, इटारसी जबलपुर, कटनी (साऊथ) एवं अनूपपुर स्टेशनों से होते हुए जाएगी, जहाँ से यात्री इस ट्रैन पर सवार हो सकेंगे। 08 रातें/09 दिनों की इस यात्रा में पुरी, गंगासागर, कोलकाता, बैद्यनाथ, वाराणसी एवं अयोध्या के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जायेगा। । इसके लिए यात्रियों को महज रु. 14,800 प्रति व्यक्ति (इकॉनामी श्रेणी), रु. 23,400 प्रति व्यक्ति (स्टैण्डर्ड श्रेणी) एवं रु. 30,600 (कम्फर्ट श्रेणी) का खर्च उठाना होगा।

आईआरसीटीसी, इस सर्व समावेशी टूर की पेशकश कर रहा है, जिसमें भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी रेक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, सडक़ परिवहन और गुणवत्तायुक्त बसों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा, यात्रा कार्यक्रम के अनुसार आवास की व्यवस्था, यात्रा में टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग की सेवा शामिल है। कोविड नियमों का पालन होगा।