12HREG286 रतलाम कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी को भेजा भोपाल
रतलाम, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी पर चुनाव आयोग की गाज गिरने से उन्हें वल्लभ भवन में उपसचिव के पद पर भेजा गया है। जैसे ही बुधवार देर शाम को यह खबर यहां पहुंची, वैसे ही कलेक्ट्रेट सहित प्रशासकीय व राजनैतिक हल्के में इस खबर की चर्चा होने लगी कि आखिर क्या कारण है कि चुनाव आयोग ने आचार संहिता घोषित होते ही सूर्यवंशी को कलेक्टर पद से हटाकर भोपाल पदस्थ किया।
लोग अपने-अपने तरीके से खबर का पता लगाने लगे, लेकिन चुनाव आयोग का आदेश अंतिम आदेश होता है उसे कोई टाल नहीं सकता। सूर्यवंशी के स्थान पर फिलहाल जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव ने पदभार संभाल लिया है। वे कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर के कक्ष में ही बैठेंगे। संभावना है एक-दो दिन में कोई आईएस अधिकारी कलेक्टर का पदभार ग्रहण करेगा ऐसी संभावना व्यक्त की गई है।