शाजापुर: जिम्मेदारों की निष्क्रियता के कारण जन स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़

12HREG276 शाजापुर: जिम्मेदारों की निष्क्रियता के कारण जन स्वास्थ्य से हो रहा खिलवाड़

शाजापुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले में हमेशा छोटी-मोटी कार्रवाई कर वाह-वाही लूटने का काम करती रही है। कार्रवाई के नाम पर उसका अमला नमूने इकट्ठा करने तक सीमित रहा है। मौजूदा दौर त्यौहारों का है, मिलावटी खाद्य सामग्रियों के विक्रय का सबसे ज्यादा खतरा इसी दौर में रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी निष्क्रियता बरतकर जन स्वास्थ्य से खुलेआम खिलवाड़ कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान दौर त्यौहारों का चल रहा है। इसी दौर में बाजारों में खान-पान की दूषित, मिलावटी और हानिकारक सामग्रियों के विक्रय की आशंका सर्वाधिक रहती है। जो सीधे-सीधे जन स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। ऐसे मौके पर यदि जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं तो स्थिति गंभीर, चिंताजनक और अत्यंत विचारणीय है। अक्सर त्यौंहारी सीजन में देखा जाता रहा है कि ऐसे दौर में जब भी कार्रवाइयां हुईं, बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां पाई गईं, लेकिन अधिक मास, श्रावण मास गणेश उत्सव जैसे बड़े धार्मिक त्योहारों का पूरा दौर बीत चुका है और नवरात्रि महोत्सव, दशहरा तथा दिवाली जैसे बड़े त्यौहार आने वाले हैं। इस बीच विभाग द्वारा पूरे जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की ठोस और संदेश प्रेरक कार्रवाई का पता नहीं चल रहा है।

यहां तक की त्योंहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने लगभग किसी दुकान और प्रतिष्ठान में सेम्पलिंग तक नहीं की है। ऐसी स्थिति में त्योंहारों के दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती है। बीते कुछ समय से देखने में यह भी आ रहा है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाईयां अब औपचारिक होकर कागजी खानापूर्ति तक सिमटने लगी है। अधिकारी छोटे दुकानदारों को कार्रवाई का हिस्सा बनाकर अपने कर्तव्य की इति-श्री कर रहे हैं, जबकि असली मिलावटखोर बेखौफ होकर अपना माल लोगों तक खुलेआम पहुंचा रहे हैं। इसके पीछे जिले के रसूखदार बड़े दुकानदारों से अधिकारियों की सांठ-गांट की चर्चाएं भी सुर्खियों में बनी हुई है।

बड़े त्योहारों में निष्क्रियता हो सकती है खतरनाक

अभी तो जैसे-तैसे वक्त बीत गया है, लेकिन आगामी नवरात्रि पर्व, दशहरा और दीवाली जैसे बड़े त्योहारों के समय खान-पान सामग्रियों का कारोबार शाजापुर जिले में ही करोड़ों का होता है। लगभग प्रत्येक घर में मिठाई, नमकीन और अन्य प्रकार की खाद्य सामग्रियों का विक्रय बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे में यदि विभाग द्वारा अपनी निष्क्रिय कार्यप्रणाली त्याग कर समय रहते ठोस व निर्णायक कार्रवाईयां नहीं की गई तो लोगों तक गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्रियों के रूप में जानलेवा और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थ पहुंच जाएंगे। जिनका सेवन करने के कारण वे निश्चित तौर पर गंभीर बिमारियों की चपेट में आने से नहीं बच सकेंगे।