12HREG85 सच की आवाज के लिए कांग्रेस से जुड़ें : शुजा गांधी
देहरादून, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हर हार से कुछ न कुछ सीखते हैं। सोशल मीडिया आज बहुत महत्वपूर्ण हो गया है। एक घर में जितने परिवार के लोग है उतने ही मोबाइल हो गए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से सब तक पहुंचा जा सकता है। यह विचार कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी शुजा गांधी ने कांग्रेस कार्यालय में व्यक्त किए।
कांग्रेस भवन में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में शुजा गांधी ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से घर की महिलाओं तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमने आज सोशल मीडिया का नंबर लांच किया है। इस व्हाटसएस नंबर के माध्यम से हमारी बातें नीचे तक जा सकती और नीचे की आवाज हम तक आ सकती है। उन्होंने कहा कि आज हमने एक लोगो जारी किया है ‘सच की आवाज बनें, कांग्रेस से जुड़ें’। इसके लिए हमने एक व्हाटसएप नंबर जारी किया है। उन्होंने कहा कि आज हमारी लड़ाई राजनीतिक दलों से ऊपर उठ गई है। यह लड़ाई सच और झूठ के बीच हो गई है। आज कोई कहता है कि हम गैर राजनीतिक हैं तो वह झूठ बोल रहा है। हमें यह तय करना है कि हम सच के साथ है या झूठ के साथ है। इसके लिए एक माध्यम बनाना होगा और वह माध्यम है सोशल मीडिया। उन्होंने कहा कि हम ऐसा माध्यम बनाएंगे कि हमारे लोग झूठ का मुकाबला सच के साथ कर सकें।
शुजा ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर देने के लिए कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में आज लोगों से जुड़ने के लिए उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग ने व्हाट्सएप नंबर जारी किया है।