13HREG54 तीर्थ पुरोहितों ने किया इजराइल का समर्थन, मृतकों की शांति के लिए किया गंगा में दीपदान
हरिद्वार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। युवा तीर्थ पुरोहितों ने शुक्रवार को हरकी पौड़ी के निकट रामघाट पर इजराइल का समर्थन करते हुए, वहां हमास के हमले में मारे गए निरपराध नागरिकों की मृत आत्माओं की शांति वा मोक्ष के लिए मां गगा से प्रार्थना की व दीप दान किया।
इस अवसर पर तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने कहा कि जिस प्रकार से हमास के आतंकियों द्वारा इजराइल के निरपराध नागरिकों की जघन्य हत्याएं की गईं, मानवीय मूल्यों को तार तार करते हुए इजराइल पर हमला किया गया है, वह क्षमा योग्य नहीं हैं। उन्होंने गंगा जी से इजराइल को शक्ति मिलने और हमास का सर्वनाश होने की प्रार्थना की।
तीर्थ पुरोहित सुमित श्रीकुंज व रोहित सिखौला ने कहा कि जो लोग हमास का समर्थन कर रहे हैं, वो मानवता के विरोधी हैं। ऐसे लोग आतंकवाद का समर्थन कर विश्व में आशांति चाहते हैं। सभी लोगों को इजराइल का समर्थन करना चाहिए, जिससे हमास जैसी राक्षसी शक्तियों का सर्वनाश हो सके।
दीपांशु पुरी एवं आकाश ने कहा कि भारत का हर नागरिक इजराइल के साथ खड़ा हैं और भगवती गंगा जी से प्रार्थना करते हैं कि इजराइल का समर्थन करने वाले हर देश व नागरिक को शक्ति दें। हमास द्वारा किया गया हमला मानवता को शर्मशार करने वाला है। उन्होंने कहा कि बच्चों के गले काट दिए गए, महिलाओं के साथ बलात्कार कर हत्याएं की गईं। तीन हजार से ज्यादा इजराइली नागरिकों को मार दिया गया। जो युद्ध के मानवाधिकार नियमों का भी उल्लंघन है।