पूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए गढ़ी कैंट में लगा रोजगार मेला

15HREG92 पूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए गढ़ी कैंट में लगा रोजगार मेला

देहरादून, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व सैनिकों,वीर नारियों और उनके आश्रितों के लिए रविवार को गढ़ी कैंट में रोजगार मेला आयोजित किया गया।

गढ़ी कैंट स्थित सैनिक इंस्टीट्यूट में सेना कल्याण प्लेसमेंट संगठन (एडब्ल्यूपीओ) ने वेटरन्स शाखा, मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया, के तत्वावधान में आज तीसरे मेगा रोज़गार मेले का उद्घाटन जीओसी, उत्तराखंड सब एरिया, मेजर जनरल संजीव खत्री ने किया। इससे पहले अप्रैल और अगस्त के महीने में दो रोज़गार मेले आयोजित किए गए।

रोजगार मेला में 930 से अधिक पूर्व सैनिकों और आश्रितों ने भाग लिया और इस अनूठे आयोजन से लाभान्वित हुए। जिसमें सभी प्रमुख कॉर्पोरेट एक ही छत के नीचे आए। मेले में 28 कंपनियों व उद्योग मंडलों ने भाग लिया। जिनमें सुरक्षा एजेंसियां, बैंक, बीमा क्षेत्र, एफएमसीजी,आतिथ्य,फार्मेसी,संरक्षण सेवाएं, रेलवे और कई अन्य विभाग शामिल हुए।

मेले में ब्रिगेडियर विजय झा, डीडीजी (पश्चिम) डीजी रीसेटलमेंट , ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट, एमडी यूपीएनएल, देहरादून पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कर्नल यूएस ठाकुर के अलावा अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।