13HREG288 मुख्यमंत्री ने किया आरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों का पालन न करने वालों के चालान करने के निर्देश
नैनीताल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल जिले के सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय रामनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों का अवलोकन किया और परिवहन विभाग के अधिकारियों को दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए ओवरलोडिंग, हाई स्पीड और नशे की हालत में ड्राइविंग और गलत तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन सुविधाओं के दृष्टिगत सरकार ने ऑनलाइन सिस्टम को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोगों को घर पर बैठे ही अधिकांश सुविधाएं उपलब्ध हो, इस दिशा में सभी विभागों ने तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। सभी विभागों को जन सुविधा के दृष्टिगत नई कार्य संस्कृति से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ कार्य किए जा रहे हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सुबह कॉर्बेट पार्क रामनगर के झिरना जोन में सफारी का मजा लिया। इस दौरान उन्हें एक हिरन का पीछा करते रॉयल बंगाल टाइगर के भी दर्शन हुये। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफारी पर आये पर्यटकों से भी बात की, जबकि आगे समीक्षा करते हुये उन्होंने जिम कॉर्बेट पार्क में पर्यटकों के लिए सुविधा के साथ ही बेहतर प्रबंधन देने की आवश्यकता बतायी।