तीन शातिर वन्य जीव तस्कर गिरफ्तार, बाघ की खाल व हड्डी बरामद

07HREG79 तीन शातिर वन्य जीव तस्कर गिरफ्तार, बाघ की खाल व हड्डी बरामद

देहरादून, 07 सितम्बर (हि.स.)। वन्य जीव क्षेत्र में उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टाइगर की खाल व हड्डी के साथ 03 शातिर वन्यजीव तस्करों गिरफ्तार किया है। तस्कर फिल्मी स्टाइल में हाईवे पर ट्रक चलाकर वन्यजीव अंगों की तस्करी कर रहे थे। इस गिरफ्तारी में कुख्यात वन्यजीव तस्कर गिरोह के तीन लोग शामिल और वन्यजीव तस्करी प्रकरण का भंडाफोड़ हुआ है। यह गिरोह उत्तराखंड से दिल्ली तक फैला था। इस गिरोह से उत्तराखंड में अब तक की सबसे बड़ी टाइगर खाल एसटीएफ द्वारा बरामद की गई है। एक खाल की कुल लम्बाई 11 फिट 4 इंच है जो जुलाई माह में बरामद खाल से भी विशालकाय है।

एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने एक संयुक्त टीम बनाकर इन 3 शातिर वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी रुद्रपुर टांडा में की गई। आरोपितों के पास से 02 टाइगर (बाघ) की खाल व करीब 35 किग्रा बाघ की हड्डी बरामद की है। गिरफ्तार तस्कर ऊधमसिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और लम्बे समय से वन्यजीव अंगों की तस्करी में लिप्त थे।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि तीन शातिर तस्कर एक ट्रक संख्या यूके 18 सीए 6713 से काशीपुर से रुद्रपुर की तरफ आ रहे हैं जिस पर संयुक्त टीम द्वारा घेराबन्दी कर उन्हें बाजपुर दोराहा हाइवे पर रोक लिया। तलाशी लेने पर वाहन के अन्दर से टाइगर की खाल व भारी मात्रा में हड्डियां बरामद हुयी। गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि उक्त टाइगर की खाल व हड्डी को वे काशीपुर से लाये हैं और बेचने के लिए रुद्रपुर ले जा रहे थे। तीनों कुख्यात वन्यजीव तस्कर हैं जो कि काफी समय से उत्तराखंड व सीमावर्ती उत्तर प्रदेश राज्य में सक्रिय हैं। इसी गैंग से सम्बन्धित 07 सदस्यों को एसटीएफ द्वारा इसी वर्ष जुलाई माह में 01 टाइगर स्किन के साथ पकड़ा था। पकड़े गये तस्करों के विरुद्ध तराई केन्द्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर में वन्यजीव जन्तु संरक्षण अधिनियम में पंजीकृत कराया गया।

एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि एसटीएफ द्वारा 22 जुलाई को खटीमा क्षेत्र में एक वन्यजीव तस्कर गैंग के विरुद्ध कार्रवाई कर टाइगर स्किन व भारी मात्रा में टाइगर की हड्डियां बरामद की थी और 07 वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया था। इस कार्रवाई में एसटीएफ को कई अहम सूचनाएं हाथ लगी थी जिस पर टीम द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा था। इसी क्रम में एसटीएफ द्वारा बीती शाम उक्त गैंग के नेटवर्क के समस्त तीन और सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में शमशेर सिंह पुत्र कुलविंदर सिंह, निवासी उधम सिंह नगर, वहीं के रहने वाले कुलविंदर सिंह पुत्र खड़क सिंह तथा जोगा सिंह पुत्र सुरता सिंह के नाम शामिल हैं।