16HREG136 योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचायें-सांसद शाह
-बैठक में सांसद ने टीएसी की बैठक समय ने किए जाने पर नाराजगी जाहिर की
नई टिहरी, 16 सितंबर (हि.स.)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में हुई। इसमें भारत सरकार की संचालित विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत विभागीय कार्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि अधिकारी इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सांसद शाह ने सर्वप्रथम प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत किसानों को लाभान्वित करने में देशभर में मध्यम श्रेणी राज्य के अन्तर्गत जनपद को दूसरा स्थान प्राप्त होने पर जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनपद में विभागों ने अच्छा कार्य किया है। आगे भी सकारात्मक सोच के साथ जनपद के विकास में सभी विभागों को आपसी समन्वय से सबको साथ लेकर और बेहतर कार्य करना होगा।
दूरसंचार बीएसएनएल के अन्तर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद दूरसंचार विभाग के तत्वाधान में आयोजित होने वाली टेलीकॉम एडवाइजरी कमेटी (टीएसी) की बैठक समयान्तर्गत न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए समयान्तर्गत बैठक आयोजित करने एवं सभी सदस्यों को बैठक में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। कहा कि लाभार्थियों को जिन स्कीमों के अन्तर्गत लाभान्वित किया जाता है, उसके बारे में उनको जागरूक भी करते हुए अन्य तक भी योजना की जानकारी पहुंचाने का काम किया जाये।
सांसद ने जिला अस्पताल बौराड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं एवं डायलिसिस यूनिट के संचालन को लेकर जानकारी लेते हुए निर्देश दिये गये कि स्वास्थ्य विभाग एक महत्वपूर्ण विभाग है, कहीं कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीएमओ डा मनु जैन ने बताया कि अस्पताल में मैन पॉवर की कमी के बावजूद बेहत्तर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जा रही है। डायलिसिस यूनिट के संचालन को एक सप्ताह पूर्व प्रस्ताव भेजा गया है। समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत की समस्याओं से अवगत कराने के साथ ही अपने-अपने सुझाव समिति के समक्ष रखे। सांसद ने समिति के सदस्यों द्वारा रखी गई समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत निर्मित आवासों के भीतर की फोटो एवं वीडियो उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। बैठक से पूर्व डीएम मयूर दीक्षित ने सभी उपस्थित समिति के सदस्यों एवं विभागीय अधिकारियों को स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत स्वच्छता शपथ तथा आगामी लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 में सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई।
बैठक में विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, सीडीओ मनीष कुमार, डीएफओ पुनीत तोमर, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, अध्यक्ष नगर पंचायत कीर्तिनगर कैलाशी देवी जाखी, ब्लॉक प्रमुख नरेन्द्रनगर राजेन्द्र भण्डारी, जाखणीधार सुनीता देवी, प्रतापनगर प्रदीप रमोला, भिलंगना वसुमति घणाता, समिति के सदस्य मेहरबान सिंह, जीत राम भट्ट, चतर सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।