09HREG116 एनएच विभाग की लापरवाहियों पर महापौर ने लिया सख्त निर्णय
-दो माह पूर्व महापौर ने कार्य पूर्ण करने के लिए 15 सितम्बर की दी थी डेडलाइन
-पांच दिन के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण ना होने पर विधिक राय लेकर कार्रवाई को महापौर ने चेताया
ऋषिकेश, 09 सितम्बर (हि.स.)। हरिद्वार रोड पर विभागीय कार्यों में एनएच के अधिकारियों की लापरवाही से नाराज महापौर अनिता ममगांई ने पांच दिन के अल्टीमेटम के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिए हैं।
शनिवार को एनएच विभाग के अधिकारियों की कैंप कार्यालय में बैठक लेते हुए महापौर ने दो टूक लहजे में उन्हें चेताया कि यदि पांच दिन के भीतर विभाग के कार्य पूर्ण ना हुए तो उन्हें विधिक राय के मुताबिक एनएच अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस संदर्भ में निगम के निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी एनएच के कार्यों पर नजर रखने के लिए महापौर ने निर्देशित किया था।
महापौर ने बताया कि दो माह पूर्व उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को हरिद्वार रोड में किए गये नाले निर्माण कार्य में बरती गई घोर लापरवाही पर चेतावनी देते हुए कहा था, कि 15 सितम्बर तक उन तमाम कमियों को दुरूस्त कर निर्माण कार्य पूर्ण कर लें। इसके बावजूद वहां स्थिति जस की तस बनी हुई है। पुरानी चुंगी के समीप नाला अभी भी खुले में बह रहा है जबकि इसकी वजह से आये दिन सड़क हादसे होने के साथ ही कुछ समय पूर्व एक व्यक्ति की नाले में गिरकर मौत भी हो चुकी है।
महापौर ने बताया कि एन एच के अधिकारियों की घोर लापरवाही से अब उनका और जनता के सब्र का बांध टूटने लगा है। पांच दिन के भीतर यदि विभाग द्वारा तमाम आधे अधूरे निर्माण कार्य पूर्ण करने के साथ नाले निर्माण की कमियों को दुरुस्त ना किया गया तो उन्हें विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध विधिक राय के अनुसार कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान मुख्य नगर आयुक्त राहुल कुमार गोयल,एनएचए ई अमित बर्मा, अपर सहायक अभियंता छत्रपाल सिंह मौजूद रहे।