नवनियुक्त एसपी रेखा ने महिला अपराध, नशा पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने को बताई प्राथमिकता

17HREG70 नवनियुक्त एसपी रेखा ने महिला अपराध, नशा पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने को बताई प्राथमिकता

गोपेश्वर, 17 सितम्बर (हि.स.)। चमोली जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पदभार ग्रहण करने के बाद रविवार को पत्रकारों से रूबरू होते हुए अपनी प्राथमिकता बताईं। उन्हाेंने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने के साथ ही महिला सुरक्षा को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। चमोली जिले को नशा से मुक्त करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाना और चारधाम यात्रा को सुगमता से संचालित करवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

एसपी यादव ने कहा कि युवाओं में नशा का प्रचलन बड़ी तेजी के साथ बढ़ रहा है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके लिए युवाओं और अभिभावकों के साथ संवाद स्थापित किया जाएगा और इसको रोकने के लिए कारगर कदम उठाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि जनपद की यातायात व्यवस्था को भी चाकचौबंद किया जाएगा। इसके लिए पार्किंग स्थलों को चिह्नीकरण किया जाएगा। कानून व्यवस्था का कड़ाई से पालन हो, इसके लिए आम जनता के साथ संवाद किया और समन्वय भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने जिले में बेहतर कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में आमजन के सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि स्थानीय पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेगी।

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक चमोली प्रमोद शाह, पुलिस उपाधीक्षक आपरेशन नताशा सिंह आदि मौजूद थे।