टिहरी जलाशय में जलक्रीड़ाओं की अपार संभावनाएं : महाराज

17HREG224 टिहरी जलाशय में जलक्रीड़ाओं की अपार संभावनाएं : महाराज

-पर्यटन मंत्री बोले, प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन के विकास के लिए तेजी से बन रही योजनाएं

नई टिहरी, 17 सितंबर (हि.स.)। टीचडीसी के तत्वावधान में आईटीबीपी कैंपस कोटी कॉलोनी टिहरी गढ़वाल में आयोजित चार दिवसीय टिहरी वॉटर स्पोर्ट्स कप का रविवार को रंगारंग कार्यक्रमों और आईटीबीपी की प्रस्तुत मधुर सैन्य धुन के साथ संपन्न हुआ।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। टिहरी वॉटर स्पोर्ट्स कप में 14 गोल्ड, 7 सिल्वर और 8 ब्रांज प्राप्त कर मध्यप्रदेश ऑवर ऑल चैम्पियन रहा।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि विशाल टिहरी जलाशय में जलक्रीड़ा की अपार सम्भावनाएं हैं। टिहरी विस्थापितों की तपस्या का फल साकार हो रहा है। टिहरी के विकास में टीएचडीसी सक्रिय होकर कार्यरत है। टिहरी झील प्रभावितों को जल्द से जल्द मुआवजा बांटा जायेगा। इसमें कोई कोताही नहीं होगी। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई सर्किट बनाये जा रहे हैं। जलाशयों का पूरा उपयोग हो रहा है, जिससे पर्यटक उत्तराखण्ड की ओर रुख कर रहे हैं। कई साहसिक खेल गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

होमस्टे में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई कराएं, जिससे पर्यटकों की संख्या प्रदेश में बढ़े। प्रधानमंत्री मोदी की सोच के चलते आज मोटे अनाज को प्रोत्साहन मिल रहा है। पर्यटकों को बढ़ाने के लिए विंटर टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसके लिए तमाम स्कीमें बनाई जा रही हैं।

चार दिवसीय टिहरी वॉटर स्पोर्टस कप में ओपन नेशनल कैनोइंग स्प्रिंट सीनियर पुरुष और महिला चैम्पियनशिप और क्वालीफायर स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन स्पर्धाओं में देश के 22 प्रांतों से 450 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। टिहरी वॉटर स्पोर्टस कप में पुरुषों में सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) 11 गोल्ड, 3 सिल्वर और 4 ब्रांज प्राप्त कर विजेता रहा, जबकि मध्यप्रदेश 5 गोल्ड, 4 सिल्वर और 3 ब्रांज लेकर रनरअप रहा।

महिलाओं में मध्यप्रदेश 9 गोल्ड, 3 सिल्वर और 5 ब्रांज प्राप्त कर विजेता रहा, जबकि उड़ीसा 6 गोल्ड और 5 ब्रांज लेकर रनरअप रहा। ओवर ऑल चैम्पियनशिप मध्यप्रदेश ने जीती। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ी अब 37वें राष्ट्रीय खेल गोवा-2023 में प्रतिभाग करेंगे।

इस मौके पर टिहरी काम्पलैक्स टीएचडीसी के ईडी एलपी जोशी ने कहा कि कोटी कालोनी में उच्च स्तरीय अकादमी स्थापित की जा रही है। इसमें 13 से 17 वर्ष की आयु के प्रतिभाशाली एथलीटों को निशुल्क भोजन, वस्त्र, प्रशिक्षण, आवास, चिकित्सा सुविधा और स्कूल सेवाएं प्रदान की जायेंगी। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे।

इसके साथ ही कोटेश्वर बांध परिसर में 10 प्रतिशत कोटा आरक्षित किया जाएगा। अकादमी में क्षेत्रीय, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय एथलीटों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा वैज्ञानिक सुविधा के साथ प्रशिक्षण दिया जायेगा। इससे देश विदेश के खिलाड़ियों को आपसी प्रशिक्षण और तकनीकी विशेषता से लाभ मिल सकेगा। यह पहल न केवल हमारे राज्य और राष्ट्रीय एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर और पर्यटन में लाभ भी प्रदान करेगी।

इस मौके आईजी आईटीबीपी एसबी शर्मा, निदेशक वित्त टीएचडीसीआईएल जे बेहरा, एजीएम मानव संसाधन एवं प्रशासन टीएचडीसी डा एएन त्रिपाठी, अध्यक्ष भारतीय कैनोइंग और क्याकिंग एसोसियेशन प्रशांत कुशवाह, महासचिव उत्तराखण्ड ओलम्पिक एसोसिएशन डीके सिंह, प्रमुख सुनीता देवी, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, प्रबन्धक जन सम्पर्क मनवीर सिंह नेगी, उपप्रबन्धक जनसम्पर्क आरडी ममगांई आदि मौजूद रहे।

रविवार को चौथे दिन की प्रतियोगितों के यह रहे परिणाम-

चार दिवसीय टिहरी वॉटर स्पोर्ट्स कप के चौथे दिन रविवार को कैनोई स्प्रिंट की 200 मीटर की दूरी में फाइनल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पुरुष इवेंट के-1 में एसएससीबी प्रथम, उड़ीसा द्वितीय, राजस्थान तृतीय स्थान पर रहा। जबकि महिला इवेंट सी-1 में महाराष्ट्र प्रथम, एसएससीबी द्वितीय, मध्यप्रदेश तृतीय स्थान पर रहे। महिला इवेंट के-4 में मध्यप्रदेश प्रथम, केरला द्वितीय और उड़ीसा तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष इवेंट के-2 में मध्यप्रदेश प्रथम, दिल्ली द्वितीय और मणिपुर तृतीय रहा। जबकि महिला इवेंट सी-1 में उत्तराखण्ड प्रथम, केरल द्वितीय और उत्तरप्रदेश तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष इवेंट सी-2 में दिल्ली प्रथम, एसएससीबी द्वितीय और उत्तराखण्ड तृतीय स्थान पर रहे। महिला इवेंट के-1 में मध्यप्रदेश प्रथम, केरल द्वितीय और उड़ीसा तृतीय, जबकि महिला इवेंट के-2 में उड़ीसा प्रथम, हरियाणा द्वितीय और केरल तृतीय स्थान पर रहे। महिला इवेंट सी-2 में उत्तराखण्ड प्रथम, दिल्ली द्वितीय और मणिपुर तृतीय स्थान पर रहे। पुरुष इवेंट के-4 में उड़ीसा प्रथम, एसएससीबी द्वितीय और उत्तराखण्ड तृतीय, जबकि पुरुष इवेंट सी-4 में एसएससीबी प्रथम, केरल द्वितीय और जम्मू कश्मीर तृतीय स्थान पर रहे।