14HREG103 आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेताओं के स्वास्थ्य में आयी गिरावट
-महाविद्यालय पोखरी में मांगों को लेकर चौथे दिन भी जारी रहा आमरण अनशन
गोपेश्वर, 14 सितम्बर (हि.स.)। चमोली जिले के पोखरी महाविद्यालय के छात्र नेताओं का पांच सूत्रीय मांग को लेकर आमरण अनशन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। आज स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्रों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया।
गौरतलब है कि महाविद्यालय पोखरी के छात्र नेताओं की ओर से विज्ञान भवन का लोकार्पण, एनसीसी की स्वीकृति, छात्रावास का निर्माण, स्नाकोत्तर स्तर पर इतिहास, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र शिक्षा शास्त्र, संस्कृत, समाजशास्त्र एवं एमएससी, बीएड की स्वीकृति को लेकर छात्र संघ अध्यक्ष अंकित चैधरी और छात्र प्रतिनिधि आकाश चमोला की ओर से आमरण अनशन किया जा रहा है, यह गुरुवार को चौथे दिन भी जारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने आमरण अनशन पर बैठे छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। छात्र नेताओं के स्वास्थ्य में काफी गिरावट पायी गई है।
छात्र संघ अध्यक्ष अंकित चौधरी और छात्र प्रतिनिधि आकाश चमोला ने कहा कि आमरण-अनशन काे चौथा दिन हो गया है, लेकिन अभी तक भी कोई जनप्रतिनिधि सुध लेने तक नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जब तक हमारे पांच मांगे पूरी नहीं होती है तो तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा।