12HREG101 कबड्डी के लिए पहले बैच में 14 बच्चों का हुआ चयन
हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल कबड्डी को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार खेल नर्सरी की स्थापना की गई। इसमें 46 बच्चों के कैंप में 14 बच्चों का चयन किया गया।
दिल्ली देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हरिगंगा अपार्टमेंट में संताें की उपस्थिति में खेल नर्सरी की शुरुआत की गई। निर्मल संतपुरा के पारमध्यक्ष संत जगजीत सिंह शास्त्री, बड़ा अखाड़ा उदासीन के कारोबारी महंत गोबिंद दास महाराज के अलावा खेल जगत से जुड़ी जनी मानी हस्तियों में जिला खेल एकेडमी के सचिव भारत भूषण, उत्तराखंड स्पोर्ट्स ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता,डिस्ट्रिक्ट टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल भास्कर आदि कई लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर संत जगजीत सिंह शास्त्री ने खेल नर्सरी में आए बच्चों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि आप सभी बच्चों में काफी प्रतिभा है बस अपनी मेहनत लगन के साथ खेल में अपना मुकाम हासिल कर अपने देश, प्रदेश का मान बढ़ाए। बड़ा अखाड़ा उदासीन के कारोबारी महंत गोबिंद दास महाराज ने भी बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अनुशासन में रहकर अपनी मंजिल पाने व खेल के प्रति समर्पण भाव रखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
एकेडमी के सचिव भारत भूषण ने कैंप में अलग अलग राज्यों से आए बच्चों को खेल से जुड़ी बारीकियों से अवगत कराया। इसके साथ ही बच्चों को खेल के साथ साथ पढ़ाई पर भी ध्यान केंद्रित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को उत्तराखंड स्पोर्ट्स ऑर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता व एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल भास्कर ने भी संबोधित किया। उन्होंने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय खेल कबड्डी में युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाने के उद्देश्य से धर्मनगरी हरिद्वार में खेल नर्सरी की नींव रखी गई, जिसमें अलग-अलग प्रदेशों से आए बच्चों को कैंप में उच्च स्तर के कोच द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। खेल नर्सरी में पंजाब, यूपी, दिल्ली व हरियाणा से आए 46 बच्चों का एक कैंप समाप्त हो चुका है, जिसमें 14 बच्चों का चयन किया गया। इसके बाद चयनित बच्चों को खेल नर्सरी द्वारा अगले तीन साल तक खाने पीने,रहने के अतिरिक्त मेडिकल की सुविधा भी निशुल्क प्रदान की जाएगी।
दूसरे कैंप की शुरूआत में दिल्ली व पंजाब के 60 बच्चे शामिल हुए, जो अगले तीन 10 दिनों तक कोच अशोक कुंडू, संजीव, सुमित सिंह व एचओडी बी शर्मा की देखरेख में कठिन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जबकि कैंप में शामिल लड़कियों को महिला कोच निर्मल जीत कौर प्रशिक्षित करेंगी।
इस मौके पर श्रीमती प्रभा रानी शर्मा, निशांत शर्मा (इशू), कोच अशोक कुंडू, संजीव, सुमित सिंह, बी शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और खिलाड़ी उपस्थित थे।