रेलवे स्टेशन पर नशीला पदार्थ खिलाकर यात्रियों की नकदी और मोबाइल करता था चोरी, गिरफ्तार

09HREG39 रेलवे स्टेशन पर नशीला पदार्थ खिलाकर यात्रियों की नकदी और मोबाइल करता था चोरी, गिरफ्तार

हरिद्वार, 09 सितंबर (हि.स.)। नशीला पदार्थ खिलाकर नकदी और मोबाइल फोन चोरी करने वाले आरोपित को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

बीती 6 सितम्बर को पंचकुला हरियाणा निवासी ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने पर जब उसने देखा तो उसकी जेब से एक मोबाइल फोन व 7100 रुपये और अन्य जरूरी कागजात आदि गायब मिले। इससे उसके होश उड़ गए। जहरखुरानी का शिकार हुए पीडि़त ने बताया कि उसके बाद से उसका स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह पूरी घटना की जीआरपी थाना में तहरीर नहीं दे सका, जिसके बाद पीड़ित ने जीआरपी हरिद्वार को तहरीर दी।

तहरीर के आधार पर थाना जीआरपी ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश में जुट गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवे अजय गणपति कुंभार के और सुश्री अरुणा भारती अपर पुलिस अधीक्षक रेलवे के दिशा निर्देशन में आरोपी की तलाश शुरू की गई। जीआरपी थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि आरोपित की तलाश में संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने आप्रेशन प्रहार के तहत मुखबिर की सूचना पर एक आरोपित को हिरासत में लिया, जिसमें पूछताछ में आरोपित ने 16 अगस्त को हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्री का सामान चोरी करने की बात कबूली।

आरोपित ने बताया कि आज भी वह किसी यात्री को नशीला पदार्थ खिलाकर घटना को अंजाम देने की फिराक में था। लेकिन पुलिस द्वारा उसे पकड़ लिया गया। पुलिस टीम ने आरोपित की तलाशी लेने पर उसके पास से 7 पुडि़या नशे की, पीडि़त का आधार कार्ड, चोरी की गई धनराशि सहित बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपित ने अपना नाम 46 वर्षीय मंजीत पुत्र पुन्ना निवासी म.नं. 21 हजारा टोंगिया, थाना बुग्गावाला जिला हरिद्वार बताया। जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।