12HREG125 एडीएम ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के दिए निर्देश
हरिद्वार, 12 सितंबर (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व संसाधनों की वृद्धि और करापवंचन रोकने के सम्बन्ध में गठित जिला स्तरीय राजस्व सम्वर्द्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई।
इसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने वन विभाग के अधिकारियों से माह में वसूल राजस्व के सम्बन्ध में जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि माह में वसूल राजस्व 42.34 लाख रुपये है। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने राजस्व 3356.67 लाख रुपये बताया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने आबकारी अधिकारियों को निर्देश दिये कि देशी और विदेशी मदिरा की फुटकर मदिरा दुकानों में आहाता की व्यवस्था की जाये और दुकानों के मध्य न्यूनतम दूरी निर्धारित की जाये। एआरटीओ रुड़की, हरिद्वार ने अब तक की वसूली का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
अपर जिलाधिकारी ने अपेक्षा के अनुरूप वसूली को कम बताया तथा कर बकाया वाहनों पर बकाया वसूलने के लिए विशेष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग को सुझाव दिया कि विभाग के नियंत्रणाधीन रिक्त स्थलों पर वाहन पार्किंग, रिक्त दुकानों का आवंटन करके राजस्व की वृद्धि करना सुनिश्चित करें।
बैठक में विद्युत, निबन्धन विभाग, राज्य कर तथा खनन विभाग के अधिकारियों ने भी अब तक की राजस्व वसूली का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिस पर अपर जिलाधिकारी ने इन विभागों को भी राजस्व वसूली में और तेजी लाने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर एआरटीओ रत्नाकर, नवल किशोर सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।