13HREG106 एसआईटी ने उद्यान घोटाले की जांच रिपोर्ट हाई कोर्ट में की पेश
देहरादून, 13 सितम्बर (हि.स.)। बहुचर्चित करोड़ों रुपये के उद्यान घोटाले में बुधवार को एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट हाई कोर्ट में प्रस्तुत कर दी। इसे पढ़कर अदालत ने कई सवाल उठाए और सरकार से 27 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई तक सील बंद लिफाफे में अपना जवाब देने को कहा है।
राज्य के इस करोड़ों रुपये के उद्यान घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश की। इस मामले की सुनवाई कर रही अदालत की बेंच ने एसआईटी से पूछा कि क्या एसआईटी ने इस मामले के मुख्य आरोपित उन विभाग के निदेशक हरमन बवेजा से पूछताछ की है। अगर पूछताछ की है तो एसआईटी ने क्या पूछा है और वह किस निष्कर्ष पर पहुंची है। साथ ही कोर्ट ने यह भी पूछा कि क्या एसआईटी ने इस घोटाले से जुड़ी अनीता ट्रेडर्स नर्सरी की मालिक से पूछताछ की है। अगर की है तो इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए यह भी कहा कि घोटाले को अंजाम देने में जम्मू कश्मीर और हिमाचल की जिन संस्थाओं या व्यक्तियों की सहभागिता रही है, उन दूसरे राज्यों में एसआईटी कैसे जांच कर सकती है।
कोर्ट ने कहा कि एसआईटी जब दूसरे राज्यों में जाकर किसी मामले की जांच नहीं कर सकती है तो क्यों न इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी जाए? एसआईटी दी की गई जांच रिपोर्ट को पूरी गंभीरता से पढ़ने और समझने के बाद कोर्ट ने जांच पर असंतोष जाहिर करते हुए निर्देश दिया कि सरकार इस मामले में अगली सुनवाई की तारीख 27 सितंबर तक अदालत में अपना जवाब सील बंद लिफाफे में दाखिल करें।