दृढ़ इच्छा शक्ति एवं कड़ी मेहनत से ही हासिल हो सकता है मुकाम : जिलाधिकारी

12HREG128 दृढ़ इच्छा शक्ति एवं कड़ी मेहनत से ही हासिल हो सकता है मुकाम : जिलाधिकारी

चम्पावत, 12 सितम्बर(हि.स.)। जिलाधिकारी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पुस्तकालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान जिलाधिकारी नवनीत पांडे ने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई व परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छा शक्ति एवं कड़ी मेहनत से ही मुकाम को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने पुस्तकालयाध्यक्ष को निर्देश दिए कि पुस्तकालय का समय से संचालन किया जाए और यहां पर मौजूद पुस्तकों को अनुक्रमण तालिका में सूचीबद्ध किया जाए।

छात्र छात्राओं को पुस्तकें घर के लिए भी उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यहां पर अध्ययन के लिए आए छात्र-छात्राओं को कोई दिक्कत न होने पाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने रात्रि में अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों के लिए जरूरी व्यवस्था करने के साथ ही पुस्तकालय में स्वच्छता बनाए रखना के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में समय समय पर इंटरेक्शन सेशन चलाये जाने करियर काउंसलिंग कराने के साथ ही पुस्तकालय में आवश्यक प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु किताबें भी उपलब्ध कराए जाने और जिला पुस्तकालय का विस्तार कर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी भरत जोशी, पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ वीरेंद्र सिंह मेहता, पुस्तकालय में पाठन हेतु आये बच्चे व पुस्तकालय के अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।