19HREG401 मन्दसौर: लम्बे अंतराल के बाद क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश
मन्नत पुरी होने पर कांग्रेस नेता ने गधे को खिलाये गुलाब जामुन
मन्दसौर, 19 अगस्त (हि.स.)। बारिश की लम्बी खेंच से किसान, व्यापारी, आमजन सभी परेशान थे। मन्नतों व प्रार्थनाओं का दौर जारी रहा। इससे इंद्रदेव भी प्रसन्न हुए और शनिवार को समूचे अंचल में अच्छी बारिश हुई यह बारिश फसलों के लिए अमृत के समान रही।
मन्नतों के दौर में कांग्रेस नेता शैलेन्द्र गिरी गोस्वामी द्वारा मुक्तिधाम में गुरुवार की रात्रि काल भैरव के समक्ष तांत्रिक क्रिया करते हुए गधे पर बैठकर भगवान से अंचल में बारिश की कामना की थी। इस पर भगवान इन्द्र ने प्रसन्न होकर 19 अगस्त शनिवार को मंदसौर सहित अंचल में बारिश का दौर शुरू किया। इस पर श्री शैलेन्द्र गिरी गोस्वामी ने पशुपतिनाथ मंदिर गेट चन्द्रपुरा चैराहा पर पुनः तांत्रिक क्रिया के तहत गधे को गुलाब जामुन खिलाये तथा भगवान से प्रार्थना की कि अंचल में अच्छी बारिश हो तथा बारिश नहीं होने से मुर्झाये सभी चेहरों पर प्रसन्नता हो।
श्री गोस्वामी ने बताया कि भारतीय संस्कृति में तांत्रिक क्रियाओं का महत्व अनादि काल से रहा है। और सच्चे मन और अच्छे उद्देश्य के लिए कोई तांत्रिक क्रिया की जाती है तो वह जरूर सफल होती है। अल्प वर्षा की स्थिति में पुराने लोग एवं ग्रामीण जन गधे पर बैठकर तांत्रिक क्रिया के माध्यम से भगवान इन्द्र को प्रसन्न करने की परम्परा वर्षों पुरानी है। जिसके चलते उनके द्वारा भी आमजन के हित में यह क्रिया की गई थी जिस पर बारिश होने पर उन्होंने जिस गधे पर बैठकर तांत्रिक क्रिया की थी उसी गधे को प्रसन्न होकर गुलाब जामुन खिलाये।