बाइक चोरी मामले में तीन गिरफ्तार, चोरी की 02 बाइक बरामद

18HREG64 बाइक चोरी मामले में तीन गिरफ्तार, चोरी की 02 बाइक बरामद

हरिद्वार, 18 अगस्त (हि.स.)। बाइक चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की 2 बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक एक अगस्त को हथियाथल ताशीपुर मंगलौर निवासी संजीव कुमार शर्मा ने रुड़की स्थित भार्गव नर्सिंग होम से बाइक चोरी होने के संबंध में उत्तराखंड पुलिस एप के माध्यम से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। दूसरे मामले में 17 अगस्त को हरियाणा के फरीदाबाद निवासी धर्मेंद्र ने कांवड़ मेले के दौरान पंजाबी ढाबा रुड़की के पास से बाइक चोरी होने के संबंध में कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज कराया था।

चोरी के दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रहीमपुर फाटक से पहले सर्वज्ञ तिराहे से दो आरोपितों व लाढरदेवा तिराहा से एक आरोपित को चुराई गई बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम प्रणव पुत्र सुभाष चन्द्र निवासी ग्राम धनौरी थाना पिरान कलियर जिला हरिद्वार, रोहित पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम लिब्बरहेड़ी थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार व प्रवीण पुत्र सुधीर धीमान निवासी ग्राम लिब्बरहेडी थाना कोतवाली मंगलौर जनपद हरिद्वार बताए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है।