17HREG380 श्री अन्न महोत्सव 14-15 अक्टूबर को हल्द्वानी में होगा, कृषि मंत्री ने तैयारियों के दिये निर्देश
देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। श्री अन्न महोत्सव 14-15 अक्टूबर को हल्द्वानी में किया जाएगा। इस बाबत कृषि और उद्यान विभाग के महानिदेशक को कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने के निर्देश दिये।
गुरुवार को देहरादून स्थित कैम्प कार्यालय में कृषि और कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कृषि व उद्यान विभाग की समीक्षा की। इस दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का पहला मिलेट महोत्सव देहरादून में आयोजित किया गया, जिसमें केन्द्रीय कृषि मंत्री सहित कई राज्यों के मंत्रिगणों ने प्रतिभाग किया।
कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य का दूसरा श्री अन्न महोत्सव अक्टूबर माह में हल्द्वानी में आयोजित होगा। उन्होंने जीआई सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में रूफ गार्डनिंग योजना का शुभारम्भ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। उन्होंने इसके लिए भी आवश्यक तैयारियों के अधिकारियों को निर्देश दिया।
उन्होंने हार्टी टूरिजम को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के 93 राजकीय उद्यानों की रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योनिक पर्यटन की अपार सम्भावनाएं हैं और इस क्षेत्र में उद्यान विभाग को कार्य करना चाहिए। मंत्री ने मार्केटिंग बोर्ड को मजबूत करने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये।
बैठक में कृषि एवं उद्यान विभाग के महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, अपर निदेशक आरके सिंह, उप निदेशक अभय सक्सेना, डीएस राणा, उप निदेशक महेन्द्र पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।