17HREG182 उत्तराखंड : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों को लेकर कसरत तेज, ढाई लाख करोड़ का लक्ष्य
देहरादून, 17 अगस्त (हि.स.)। धामी सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देकर राज्य में विकास और रोजगार को धार देगी। आगामी दिसंबर माह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक बैठक में इसकी रूप रेखा पर चर्चा की गई। इस बार सरकार राज्य में ढाई लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य लिया गया है।
सुभाष रोड स्थित एक होटल में आज ग्लोबल सलाहकार समूह की बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई। इसमें मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडल के सदस्य शासन के आला अधिकारी समेत राज्य के उद्योगपति भी शामिल हुए। उत्तराखंड में निवेश के लिए फ्रेंडली माहौल तैयार करने के रूप रेखा पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद पत्रकारों से बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित है। इस बार राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2018 में हुई इन्वेस्टर्स समिट से दोगुना निवेश पाने का है। इस समिट में ढाई लाख करोड़ के एमओयू के साथ-साथ हाईड्रो, ट्यूरिज्म, एजुकेशन,सोलर जैसे क्षेत्रों में निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड में बाहरी राज्यों और देश-विदेश से निवेश लाने के लिए रोड शो सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
इस दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए शांत वातावरण। सरकार बेहतर काम और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सरकार निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। देश के विभिन्न शहरों में इन्वेस्टर्स सम्मिट के तहत रोड शो का आयोजन किया जाएगा। विदेशों में भी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि राज्य सरकार अपने तय किए गए लक्ष्य को प्राप्त कर सके।
राज्य सरकार सलाहकार समूह की इस बैठक में पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को रिझाने के लिए अच्छा कार्य कर रही है। धामी सरकार राज्य में निवेश को लाने के लिए सक्रिय होकर कार्य कर रही है। सरकार के साथ राज्य का उद्योग समूह खड़ा है और हर संभव प्रयास करेगा कि राज्य में निवेश को बढ़ाया जा सके।
गौरतलब है कि आगामी दिसंबर माह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट में आने के लिए मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह किया है।