01HREG37 राजकीय महाविद्यालय में आयोजित ग्रीष्मकालीन योग शिविर का हुआ समापन
ऋषिकेश, 01 जुलाई (हि.स.)। श्री देव सुमन पंडित ललित मोहन शर्मा राजकीय महाविद्यालय में 11 जून से प्रारंभ हुए ग्रीष्मकालीन योग शिविर का समापन हो गया है। योग शिविर पूरे माह परिसर के प्राचार्य प्रो. एम.एस. रावत के दिशा-निर्देशन में सफलता पूर्वक संचालित हुआ। प्राचार्य प्रो. रावत द्वारा निरंतर भविष्य में भी इसी प्रकार के निशुल्क योग शिविरों को सतत रूप से आयोजित करने के साथ ही भविष्य योग में त्रिमासिक योग प्रमाण पत्र पाठ्यक्रमों को संचालित करने के प्रयास जानकारी दी गई।
ग्रीष्मकालीन निशुल्क योग शिविर में प्रत्येक आयु वर्ग के अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विविध आयु वर्ग को देखते हुए समग्र योगाभ्यास का क्रम अलग-अलग निर्धारित करते हुए विधिवत अभ्यास कराया गया, जिसमें सूर्य नमस्कार, गत्यात्मक आसनों जैसे हलासन, पश्चमोत्तान आसन, उष्ट्रासन, शलभासन, भुजंगासन का अभ्यास कराया गया। अन्य दैनिक रोग जैसे – मोटापे व जोड़ों के दर्द से पीड़ित योग शिविरार्थियों को पवन मुक्तासन के अभ्यासों के साथ गत्यात्मक त्रिकोणासन, त्रियक ताड़ासन, गौमुख आसन, मत्स्येंद्रासन आदि का अभ्यास कराया गया।
विश्वविद्यालय के संरक्षक एवं कुलपति प्रो. एन.के जोशी ने इस सफल आयोजन पर हर्ष जताते हुए परिसर के प्राचार्य एवं समन्वयक प्रो. वी.के गुप्ता एवं उनकी टीम को बधाई दी।
ग्रीष्मकालीन शिविर के लिए 157 व्यक्तियों ने पंजीकरण कराया, जबकि निरंतर व सक्रिय रूप से 37 योगाभ्यासियों ने निरंतर प्रतिभाग किया।