उत्तराखंड राज्य महिला आयोग महिलाओं से छेड़छाड़ पर सख्त

01HREG379 उत्तराखंड राज्य महिला आयोग महिलाओं से छेड़छाड़ पर सख्त

देहरादून, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने रोडवेज की बसों में हुई दो अलग-अलग छेड़छाड़ की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष ने एसएसपी और रोडवेज के मण्डलीय प्रबंधक से जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।

महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने महिलाओं से अभद्रता व छेड़छाड़ पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटना का होना अत्यंत शर्मनाक और निन्दनीय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड रोडवेज की चलती बस में लाइट बंद कराकर महिला शिक्षिका के साथ छेड़छाड़ व अभद्रता के अलावा ऋषिकेश में रोडवेज बस के परिचालक द्वारा महिला यात्री से छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। उन्होंने एसएसपी देहरादून दिलीप सिंह कुंवर व उत्तराखंड रोडवेज के मण्डलीय प्रबंधक संजय गुप्ता से फोन पर बात कर जानकारी लेने के साथ दोनों से तत्काल इन मामलों में जांच व कार्रवाई के लिए कहा है।

महिला आयोग की अध्यक्ष का कहना है कि इस प्रकार के मामले होना अत्यंत गंभीर विषय है और जल्द से जल्द कार्रवाई होने चाहिए।

एसएसपी देहरादून ने बताया कि मामले में संबंधित थाने को जांच के निर्देश दिए हैं। इस मामले में एफआईआर दर्ज हो रखी है। गाड़ी के कंडक्टर की ओर से छेड़छाड़ के उक्त मामले में 2 लोगों को पकड़ा गया है।