किसानों को 3 लाख 70 हजार करोड़ का विशेष पैकेज दिया गया: गणेश जोशी

01HREG216 किसानों को 3 लाख 70 हजार करोड़ का विशेष पैकेज दिया गया: गणेश जोशी

देहरादून, 01 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कैम्प कार्यालय हाथीबड़कला में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए भूमि की उत्पादकता को पुनर्जीवित करने और खाद्य सुरक्षा एवं पर्यावरण स्थिरता की योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने देश के किसानों के लिए 3 लाख 70 हजार करोड़ रुपये के विशेष पैकेज को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार यूरिया पर सब्सिडी देती है, इसे 2025 तक बढ़ा दिया गया है और इस पैकेज के चार भाग हैं। पैकेज में अगले तीन साल के लिए यूरिया सब्सिडी हेतु 3 लाख 68 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हम देख रहे हैं कि देश में केमिकल फर्टिलाइजर का प्रयोग बढ़ रहा है। मिट्टी का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। धरती माता को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। रसायनिक फर्टिलाइजर के उपयोग को कम कर मृदा स्वास्थ्य को बेहतर करने हेतु पीएम प्रणाम योजना प्रारंभ की गई है। सामूहिक प्रयास के तौर पर राज्य सरकार, केंद्र सरकार, सब लोग साथ में मिल के यूरिया, डीएपी जो केमिकल फर्टिलाइजर हैं उसका उपयोग कम करके अन्य फर्टिलाइजर (वर्मी कम्पोस्ट, खाद, बायोफर्टीलिजेर्स) का उपयोग करने के लिए किसान को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो पैसा मिलेगा उसका उपयोग अपने राज्य के विकास में भी कर पाएंगे।

मंत्री ने कहा कि विशेष बजट के तीसरा भाग में ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर्स को बढ़ावा देने के लिए मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंट योजना के अंतर्गत गोवर्धन स्कीम के द्वारा 500 नए “वास्ट टू वेल्थ” प्लांट्स लगाए जाएंगे। गोवर्धन प्लांट से गैस बनता है, गोबर गैस बनता है और उसके साथ मैन्योर बनता है, स्लरी बनती है। स्लरी का खाद बना के खाद कंपनी उसको बेचेगी तो 1 मैट्रिक टन खाद पर 1500 रुपये सब्सिडी मिलेगी। प्राइवेट प्लेयर, गवर्नमेंट सेक्टर सब लोग ऐसे बायोगैस प्लांट लगाएंगे।

उन्होंने कहा कि बायोगैस को सीएनजी में कन्वर्ट करके वो बेचा जाएगा और उसमें से जो स्लरी निकाली, उसको फर्टिलाइजर बना के सरकार की जो फर्टिलाइजर कंपनी हैं, आरसीएफ, एनएफएल और प्राइवेट सेक्टर की भी कंपनियां वो उसको बेचेंगे। मंत्री ने कहा कि बजट के चौथे भाग में देश में सल्फर कोटेड यूरिया के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

कृषि मंत्री जोशी ने कहा कि उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया से अनुरोध किया कि प्रदेश में 04 से 17 जुलाई कांवड़ यात्रा प्रारम्भ होने कारण यातायात बाधित रहेगा। प्रदेश में 01 रैक यूरिया 2700 मैट्रिक टन की आपूर्ति हरिद्वार जिले में 04 जुलाई से पहले करने का आग्रह किया है। जिसपर उन्होंने सकारात्मक भरोसा देते हुए शीघ्र ही मामले में कार्यवायी का भरोसा दिलाया है। मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को 2 लाख बोतल नैनो यूरिया कोटा दिया गया, जिससे 12500 मिट्रिक टन यूरिया की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि मंडुवे का उत्पादन 01 लाख 25 हजार मीट्रिक टन के लगभग है तथा झंगोरे का उत्पादन 65 हजार मीट्रिक टन के लगभग है। उन्होंने बताया कि मिलेट्स रिसर्च इंस्टिट्यूट हैदराबाद द्वारा उत्तराखण्ड में उत्पादित मिलेट्स को सर्वश्रेष्ठ माना गया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि वर्ष 2025 तक श्री अन्न का उत्पादन दोगुना किया जाय तथा साथ ही साथ किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।

गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंडुवे का एमएसपी 35.78 रुपये से बढ़ाकर 38.46 रुपये कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को उचित दाम मिलने से मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ाने में सहायता मिलेगी।